मरीजों को खाद्यान्न बांटकर डॉक्टरों का सम्मान किया

Mar 25 2023

ग्वालियर। मातृत्व जनआरोग्य एवं शिक्षा समिति द्वारा विश्व क्षय रोग दिवस पर जयारोग्य अस्पताल के टीबी वार्ड में डॉक्टरों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में समिति के अध्यक्ष सूर्यकांत अग्निहोत्री, मीडिया प्रभारी कपिल भार्गव व विधिक सलाहकार आदित्य भार्गव ने क्षय रोग मरीजों को खाद्यान्न सामग्री वितरित की। इसके बाद चेस्ट एवं टीबी रोग विशेषज्ञ डॉ. उज्जवल शर्मा व जिला क्षय अधिकारी डॉ. प्रबल गुर्जर को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। 
इस अवसर पर डॉ. उज्जवल शर्मा ने कहा कि कभी लाइलाज कही जाने वाली टीबी अब पूरी तरह से ठीक हो सकती है। इसके लिए 9 से 11 महीने तक नियमित दवा का सेवन करना पड़ता है। जबकि बीच में दवा छोडऩे पर सामान्य टीबी भी एमडीआर स्टेज पर पहुंच जाती है। इसलिए दवा का सेवन नियमित करें। वहीं जिला क्षय अधिकारी ने बताया कि क्षय रोगियों की पहचान करने में ग्वालियर दूसरे स्थान पर है। जबकि छतरपुर पहले और भोपाल तीसरे स्थान है। इसका कारण यह है कि ग्वालियर में अन्य जिलों के मरीज भी उपचार के लिए आते है। जिनकी जांच जिले में की जाती है। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी राहुल गुप्ता, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर पुष्पेन्द्र सेंगर, डीपीएम सतीश गोस्वामी आदि मौजूद रहे।