वकीलों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी कामकाज प्रभावित

Mar 24 2023

ग्वालियर। मध्यप्रदेश बार काउंसिल के आह्वान पर दूसरे दिन शुक्रवार को भी वकील हड़ताल पर रहे। इस दौरान न्यायालयों में न्यायिक कार्य प्रभावित रहा। शुक्रवार को जिन पक्षकारों के प्रकरणों की सुनवाई थी उनमें अभिभाषकों के उपस्थित नहीं होने से प्रकरणों को अगली तारीख दी गई। उधर इंदौर पहुंचे बार काउंसिल के अध्यक्ष प्रेम सिंह भदौरिया ने फोन पर कहा कि जब तक हमारी मांग नहीं मानी जाती हम 25 तक कलम बंद हड़ताल के अपने फैसले पर अडिग हैं।
उच्च न्यायालय द्वारा सभी न्यायालयों में पुराने 25 प्रकरणों को चिन्हित कर तीन माह में निराकृत करने के आदेश को अव्यवहारिक बताते हुए बार काउंसिल के आह्वान पर यह हड़ताल की जा रही है। प्रेम सिंह भदौरिया का कहना है कि इस आदेश से न्यायालयों पर अनावश्यक दबाव बढ़ गया है, इस कारण प्रकरणों में पक्षकारों को न्याय मिलने की संभावना कम हो गई है। न्यायालयों में इस आदेश के कारण भीड़ बढ़ गई है और काम को जिस तरीके से निपटाया जा रहा है वह गलत है। उन्होंने कहा कि पक्षकारों को इस आदेश से सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। अधिवक्ताओं सहित सभी इस आदेश से पीडि़त है। उन्होंने कहा है कि हम हड़ताल को लेकर चर्चा के लिए तैयार हैं।
अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण जो पक्षकार बाहर से अपने प्रकरणों की सुनवाई के लिए आए उन्हें हड़ताल के कारण निराशा हाथ लगी। वे सिर्फ तारीख लेकर लौटे, वहीं उच्च न्यायालय में जो पक्षकार पहुंचे उन्हें न्यायालय ने सुना और प्रकरणों में आदेश पारित किए। हाईकोर्ट एवं जिला न्यायालयों में दोपहर बाद न्यायालयों में सन्नाटा छा गया। बार काउंसिल के सदस्य जयप्रकाश मिश्रा एवं जितेन्द्र शर्मा ने कहा कि वकील दूसरे दिन भी कलम बंद हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक हड़ताल को समाप्त करने के लिए न्यायालय की ओर से कोई प्रयास नहीं किए गए हैं।