ग्वालियर-चंबल अंचल में भूकंप, 4.0 रही रिक्टर स्केल पर तीव्रता

Mar 24 2023

ग्वालियर। ग्वालियर चंबल संभाग में शुक्रवार को हल्के भूकंप के झटकों का अहसास हुआ। इस अहसास के चलते मल्टियों में रहने वाले लोग दहशत में आए गए। भूकंप का केंद्र ग्वालियर चंबल संभाग था। जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था। सुबह 10:31 बजे यह झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रियेक्टर स्केल पर चार नापी गई।
सामान्य दिनों की तरह लोग अपने घरों में थे, लेकिन ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों को हल्के कंपन का अहसास हुआ। इस कंपन को लेकर दहशत में आए गए, एक दूसरे से भूकंप के बारे पूछने लगे। भूकंप एक से दो सेकेंड का था, जिसके चलते लोग कुछ नहीं समझ सके। पिछले दस सालों में यह पहली घटना है, जब ग्वालियर भूकंप का केंद्र रहा है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर कलान में इसके झटकों का अहसास हुआ। मौसम केंद्र भोपाल रडार प्रभारी वेदप्रकाश सिंह का कहना है कि एक से तीन सेकेंड के बीच का ही भूकंप रहा है।
वैसे ग्वालियर चंबल संभाग भूकंप का केंद्र नहीं रहता है, लेकिन धौलपुर व आगरा केंद्र रहे हैं। भूकंप का केंद्र ग्वालियर होने से हैरान करने वाली स्थित है। पिछले हफ्ते भी ग्वालियर में भूकंप के झटकों की अफवाह के चलते लोग घरों से बाहर आ गए थे।
ग्वालियर शहर के फूलबाग पेट्रोल पंप के पीछे बस्ती में रहने वाले लोग दहशत में आ गए। लोगों का कहना है कि अचानक कंपन होने और बर्तन गिरने के बाद अहसास हुआ कि यह भूकंप है। मोहल्ले के लोग सडक़ों पर निकल आए थे। लोग करीब 30 मिनट तक सडक़ों पर ही रहे और उसके बाद वापस अपने घरों में गए। फूलबाग बस्ती निवासी ललित कुशवाह का कहना है कि वह सुबह सो रहा था, अचानक उसका पलंग हिला और किचन में बर्तन गिरने लगे। करीब 10 से 20 सेकंड के लिए यह हुआ होगा। यह बात 10.31 बजे के लगभग की ही है। इसके बाद सभी लोग घर से बाहर आ गए।