नए साल के उगते सूर्य को अर्घ्य देकर नूतन वर्ष का आगाज किया
Mar 22 2023
ग्वालियर। नव संवत्सर विक्रम संवत 2080 के स्वागत शहर के लोगों ने किया है। नव संवत्सर पर मुख्य कार्यक्रम नगर निगम द्वारा प्रतिवर्ष की तरह जलविहार में किया गया है। यहां नव संवत्सर पर विक्रम संवत पंचांग और गुड़ी का पूजन किया गया। नए वर्ष के सूर्य के उदय होने पर जलविहार के तालाब पर कलेक्टर, निगमायुक्त, पूर्व महापौर, पार्षद व अन्य नेता व कलाकारों ने वैदिक यज्ञ एवं शंख ध्वनि से आवहान कर सूर्य को अर्घ्य दिया है।
इसके बाद एक दूसरे को नव संवत्सर की शुभकामनाएं दीं। बुधवार को आदि शक्ति की आराधना के साथ ही नव संवत्सर पर्व और गुड़ी पड़वा पर शहर में कई जगह आयोजन किए गए। भक्ति की शक्ति मां दुर्गा की आराधना करने के लिए सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था तो वहीं रास्तों में तिलक लगाकर नववर्ष की बधाई शहरवासियों को को दी गई।
शहर में बुधवार भोर (सुबह) होते ही जल विहार में भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर नव संवत्सर का आगाज किया गया। नव संवत्सर 2080 के आगमन के लिए तडक़े 4 बजे से ही शहरवासी जलविहार पहुंचे और एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं। नवसंवत्सर पर शहरवासियों ने बड़ी संख्या में जल विहार पहुंचकर भगवान भुवन भास्कर की प्रथम किरण को अघ्र्यदान देकर नए वर्ष का स्वागत किया। साथ ही शहर के विकास, स्वच्छता में नम्बर 1 बनाने एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, संगीत विश्वविद्यालय के कुलपति साहित्य कुमार नाहर, नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, यशवंत इंदापुरकर आदि उपस्थित थे। नव संवत्सर महोत्सव का शुभारंभ प्रात: 4.40 बजे, संकीर्तन यात्रा के साथ किया गया।
प्रात 5.01 बजे दीप प्रज्ज्वलन मुख्य अतिथि कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने किया। इसके पश्चात सिंधिया स्कूल के कला शिक्षकों द्वारा तैयार इको फ्रेंडली मंच पर शुभारंभ मंगल गीत ज्योति कलश छलके... की प्रस्तुति लक्ष्मी धवल द्वारा दी गई। इसके बाद जैनवाणी प्रार्थना की प्रस्तुति सकल जैन समाज की ओर से दी गई। वैदिक ऋचाओं का गान डॉ. संजय सिंह एवं नवनीत कौशल द्वारा किया गया। संस्कार भारती का ध्येय गीत माधव महाविद्यालय के डॉ. रुपाली गोखले एवं समूह द्वारा प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही शारदा नाथ मंदिर के डॉ. अनूप मोघे एवं छात्र-छात्राओं द्वारा संकल्प गीत की प्रस्तुति दी गई। 5.24 बजे इंदौर के पंडित संतोष संत द्वारा बांसुरी की मधुर स्वर लहरियों छेड़ी गईं।
इसके बाद आर्य समाज के आचार्यों एवं प्रतिनिधियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वैदिक हवन में आहुतियों के साथ बंगाली सोशल एंड कल्चरल एसोसिएशन की महिलाओं द्वारा सामूहिक शंख ध्वनि करके भगवान सूर्य का आवहान किया गया। ठीक 6.20 बजे जैसे ही विक्रम संवत 2080 की पहली किरण फूटी सभी उपस्थित अतिथियों एवं शहरवासियों ने भगवान भास्कर को सामूहिक रूप से अर्घ्य दिया गया। इस अवसर पर अंकिता एवं अनूप कैलासिया द्वारा स्वच्छता गीत स्वच्छता ही पूजा है, अपना ग्वालियर सुंदर स्वच्छ ग्वालियर की प्रस्तुति देकर नूतन वर्ष में शहर को स्वच्छता का संदेश दिया गया। इसके बाद आगोमोनी द्वारा देवी आव्हान एवं समूह नृत्य द्वारा सूर्य आव्हान किया गया। पारंपरिक वाद्यों की संगत लोक वाद्य कचहरी की प्रस्तुति विनोद मिश्रा दतिया द्वारा दी गई।
एमपी के पारंपरिक लोकनृत्य का प्रदर्शन किया गया
सबसे पहले गणेश वंदना-माइकल डांस ग्रुप द्वारा की गई। इसके साथ ही आजादी के अमृत 75वें महोत्सव के तहत शिखा डांस अकादमी एवं कल्याण कथक केंद्र डॉ. मानव महंत के निर्देशन में 75 कला साधकों द्वारा नृत्यांजलि की प्रस्तुति दी गई, जिसमें मध्यप्रदेश में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक अवसरों पर किये जाने वाले पारंपरिक समूह लोकनृत्य प्रस्तुत किये गए। इसमें कलाकारों द्वारा नव वर्ष के स्वागत पर किया जानेवाला गुड़ी पड़वा नृत्य, गणगौर पूजा में किया जाने वाला राजस्थान का गणगौर नृत्य, मालवा में विवाह एवं अन्य अवसर पर किया जानेवाला मटकी नृत्य, एक अच्छे जोड़े की तलाश में अविवाहित लड़कियों द्वारा मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में किए जाने वाले नौरता नृत्य, देवी मां की आराधना में किया जाने वाला मध्य प्रदेश का प्रसिद्ध लोक नृत्य लांगुरिया की प्रस्तुति हुई।
बुधवार सुबह से ही घरों की छत पर गुड़ी लगाई गई है और पूजा अर्चना की जा रही है। महाराष्ट्रीयन समाज द्वारा गुड़ी पड़वा पर कई सांस्कृतिक कार्यक्रम किए गए, घरों के बाहर रंगोली सजाई गई और व्यंजन बनाए गए। बुधवार को गुड़ी पड़वा पर महाराष्ट्रीयन व मराठी समाज द्वारा पूजा अर्चना करते हुए परिवार की खुशहाली की कामना की गई और घरों में व्यंजन बन रहे हैं जिनमें पूरनपोली, श्रीखण्ड, फीकी दाल, मीठा भात जैसे कई व्यंजन बना।
भाजपा-कांग्रेस दोनों के पार्षद रहे नदारद
बुधवार सुबह जलविहार में आयोजित नवसंवत्सर कार्यक्रम से भाजपा व कांग्रेस के सभी पार्षदों ने दूरी बनाकर रखी। सभापति मनोज तोमर का न पहुंचना भी चर्चा का विषय रहा। केवल भाजपा पार्षद सतीश बोहरे कार्यक्रम समापन समय में उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचे। इसके अलावा पूर्व पार्षद खुशबू गुप्ता पूरे समय रहीं। इसके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष सहित संगठन के पदाधिकारी भी नहीं पंहुचे।
इस अवसर पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, निगमायुक्त किशोर कन्याल, यशवंत इंदापुरकर, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता, पूर्व एमआईसी सदस्य श्रीमती खुशबू गुप्ता, सतीश बोहरे, संगीत विश्वविद्यालय के कुलपति साहित्य कुमार नाहर, अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









