सराफा कारोबारी और बंटी कैटर्स पर आयकर विभाग की कार्रवाई दूसरे दिन भी रही जारी

Mar 21 2023

ग्वालियर। बिल्डर और सराफा कारोबारी पारस जैन और उनके रिश्तेदार बंटी कैटर्स, खंडेलवाल मैरिज गार्डन, प्रमोद मालू व साकेत सोमानी के 20 से अधिक ठिकानों पर आयकर विभाग द्वारा गत दिवस प्रारंभ की गई कार्रवाई मंगलवार दूसरे दिन भी जारी रही। विभाग को अभी तक पारस जैन के यहां से 6 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। जबकि एक बोरी भरकर दस्तावेज जब्त किए गए है। आईटी की टीम को आधा दर्जन बैंक लॉकर की भी जानकारी मिली है। यह भी बताया गया है कि बिल्डर के घर से मिले दस्तावेजों में एक मंत्री के नाम के दस्तावेज भी हैं। जिन्हें आईटी की टीम ने निगरानी में ले लिया है।
आयकर विभाग की कार्रवाई से व्यापारिक जगत में हडक़ंप मचा हुआ है। आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग की टीम 60 वाहनों में कार्रवाई के लिए भोपाल से ग्वालियर आई हुई है। 
गत दिवस सुबह कार्रवाई शुरु की गई थी जो रात तक जारी रही। इसके बाद मंगलवार को सुबह टीम ने फिर अपनी जांच शुरु की है। शहर में चर्चित रहे कारोबारी पारस जैन इस कार्रवाई के बाद फिर चर्चाओं में आ गए हैं। पारस जैन सोने-चांदी के कारोबार के अलावा उनका बड़ा काम रियल इस्टेट का है। शहर में कई मल्टियों के साथ ही जमीनों के कारोबार से भी वे जुड़े हुए हैं। पारस जैन से जुडे बंटी कैटर्स के संचालक लक्ष्मण सप्रा उर्फ बंटी के दफ्तरों पर भी कार्रवाई जारी है। जिन लोगों पर आयकर विभाग ने कार्रवाई की है वे सभी पारस जैन से जुड़े हुए हैं।