पुलिस ने फार्म हाउस से 185 लीटर अवैध शराब सहित तस्कर गिरफ्तार किया

Mar 17 2023

ग्वालियर। एसएसपी अमित सांघी के निर्देशानुसार ग्वालियर पुलिस द्वारा जिसे के समस्त थाना क्षेत्रों में नशा मुक्ति अभियान के तहत अवैध शराब व मादक पदार्थ के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में एसएसपी सांघी को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना घाटीगांव क्षेत्रांर्तगत निर्मल ढाबा के पीछे बने फार्म हाउस में अवैध कच्ची जहरीली शराब बनाई जा रही है। उक्त सूचना पर एसएसपी द्वारा एएसपी गजेन्द्र वर्धमान को थाना घाटीगांव पुलिस से मुखबिर की सूचना की तस्दीक कर अवैध शराब का कारोबार करने वालो के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। 
थाना प्रभारी घाटीगांव शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में घाटीगांव पुलिस की टीम ने मुखबिर के बताये स्थान निर्मल ढाबा के पीछे बने फार्म हाउस पर दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस टीम ने उक्त फार्म से एक संदिग्ध व्यक्ति को धरदबोचा। पकड़े गये व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह उक्त फार्म का मालिक है। पकड़े गये व्यक्ति की निशादेही पर पुलिस टीम द्वारा उसके फार्म से 185 लीटर अवैध कच्ची जहरीली शराब कीमती 20 हजार रूपये, जमीन में दबा कर रखे गये 3 खाली ड्रम एवं ड्रम से शराब निकालने वाली मशीन मिली, जिसे पुलिस द्वारा विधिवत जप्त किया गया। थाना घाटीगांव पुलिस द्वारा मौके से पकड़े गये आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। 
सराहनीय भूमिका - अवैध शराब के विरुद्ध की गयी कार्यवाही में थाना प्रभारी घाटीगांव शैलेन्द्र सिंह, राहुल सेंधव, सुरेश कुमार शर्मा, दिगंबर जाट, चन्द्रशेखर जाट, हरगोविंद की सराहनीय भूमिका रही।