कार की छत से फायरिंग, सोशल मीडिया स्टेटस में लिखा जब तक सूरज-चांद रहेगा, दूधिया गैंग का नाम रहेगा

Mar 14 2023

ग्वालियर। कार की छत पर फायरिंग करते हुए एक दूधिए (दूध बेचने वाले युवक) का वीडियो सामने आया है। इसमें युवक अन्य साथियों से मोबाइल से वीडियो शूट करने के लिए कह रहा है। इसके बाद इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से भी अपलोड किया। स्टेटस में लिखा जब तक सूरज-चांद रहेगा, दूधिया गैंग का नाम रहेगा। वीडियो को पुलिस ने संज्ञान में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। 
वीडियो में कार की छत पर अवैध हथियार से फायरिंग करने वाला युवक ग्वालियर थाना क्षेत्र के घास मंडी स्थित नौमहिला निवासी छोटू है। उसने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक नहीं, बल्कि चार वीडियो अपलोड किए हैं। पहले वीडियो में युवक कार की छत पर खड़ा होकर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है, वहीं दूसरे में पिस्टल से मैगजीन निकालता और लोड करता हुआ नजर आ रहा है। तीसरे वीडियो में वह अपने दो अन्य दोस्तों के साथ 315 बोर के कट्टे से गोली चलता दिख रहा है। आखिरी वीडियो में वह एक पुलिसकर्मी के पास बैठा है। फायरिंग करने वाले की इंस्टाग्राम पर छोटू नाम से आईडी है।
पता यह भी चला है कि सोशल मीडिया पर कट्टे से फायरिंग करने वाले युवक के खिलाफ कई आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। इससे पहले ही वह ग्वालियर थाना चौकी के पास कुछ युवतियों पर फायरिंग भी कर चुका है। इसी मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में भी लिया था।
एएसपी क्राइम राजेश दंडोतिया का कहना है कि आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।