प्राकृतिक चिकित्सा एक वैकल्पिक चिकित्सा-पद्धति एवं दर्शन है- सुशील बरुआ

Mar 06 2023

ग्वालियर। राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान एवं आयुष मंत्रालय के सहयोग से इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन, सूर्या फाउंडेशन एवं रमन शिक्षा समिति द्वारा आयोजित नेचुरोपैथी एक समग्र आयुर्विज्ञान कार्यक्रम बरेठा ग्वालियर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम मे मुख्य अतिथि के रूप में मप्रजन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक सुशील बरुआ थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समन्वयक धर्मेन्द्र दीक्षित ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में ब्लॉक समन्वयक श्रीमती प्रीति वाजपेयी, आईएनओ के प्रदेश उपाध्यक्ष हरिओम  गौतम, सूर्या फाउंडेशन के अशोक कुमार उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि के सुशील बरुआ ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा एक वैकल्पिक चिकित्सा-पद्धति एवं दर्शन है जिसमें प्राकृतिक, स्व-चिकित्सा, अनाक्रामक आदि कहे जाने वाले तरीकों का उपयोग होता है जिन्हें छ वैज्ञानिक तरीके कहा जा सकता है। कार्यक्रम में हरिओम गौतम ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा न केवल उपचार की पद्धति है, अपितु यह एक जीवन पद्धति है। 
डॉ: सुरेन्द्र शुक्ला ने उपस्थित लोगों को ग्रामीणों को स्वस्थ रहने के लिए कई मंत्र दिए, जैसे कब्ज से छुटकारा पाकर आप कैसे अपने शरीर को स्वस्थ रख सकते हैं। साथ ही संतुलित आहार, भोजन कब और कितनी मात्रा में करना चाहिए,अपने जीवन में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए मनुष्य की दिनचर्या और खानपान कैसा होना चाहिए। साथ ही आज के समय में होने वाली नई-नई बीमारियों से छुटकारा पाने के लिए बगैर अंग्रेजी दवाइयों के भी आप शरीर को कैसे स्वस्थ रख सकते हैं और प्रकृति से जुडक़र एक लंबी आयु का जीवन जी सकते हैं। ग्रामीणों ने डॉ: सुरेन्द्र शुक्ला से अपनी बीमारियों को दूर करने के लिए उपाय भी पूछे। डॉ. शुक्ला ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, उनके निवारण के उपाय भी बताएं।
 सूर्या फाउंडेशन के अशोक कुमार ने बताया कि सूर्या फाउंडेशन इंटरनेशनल नेचरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन एक सामाजिक संस्था है, जो देश के सर्वांगीण विकास हेतु समर्पित है पिछले 30 वर्षों से राष्ट्र निर्माण गतिविधियों के साथ-साथ योग चिकित्सा का ज्ञान तथा लाभ घर-घर तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। धर्मेन्द्र दीक्षित ने कहा कि अंकुरित अनाज का सेवन करेंगे तो रोगों से मुक्त रहेंगे और दीर्घ आयु प्राप्त होगी। प्राकृतिक चिकित्सा ही सभी रोगों का मूल निवारक है। कार्यक्रम का संचालन रामदास माहौर ने तथा उपस्थित लोगों का आभार बलबीर बघेल ने व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सोनू राजपूत, बादाम सिंह, अनिल कुशवाह, धर्मेंद्र, अनिल रजक, राजीव शर्मा, बृजपाल तोमर, राघेवन्द्र तोमर, महेश राजावत एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।