वाहन चालकों को समझाइश देने महिला पुलिस कर्मी उतरीं सडक़ों पर

Mar 06 2023

ग्वालियर। एक ओर प्रदेश भर में जहां महिला दिवस को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं वहीं यातायात विभाग द्वारा महिला दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में महिला पुलिस कर्मियों को चैकिंग प्वाइंटों पर तैनात कर महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया जा रहा है। 
इसी क्रम में शहर में भी सोमवार सुबह से ही विभिन्न चैकिंग प्वाइंटों पर महिला पुलिस कर्मी और अधिकारियों द्वारा ना सिर्फ वाहन चालकों को समझाइश दी गई बल्कि जो वाहन चालक यातायात के नियमों का उल्लंघन करते पाए गए उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। 
डीएसपी टे्रफिक नरेश बाबू अन्नौटिया ने जानकारी देते हुए इस साल यातायात विभाग द्वारा विशेष पहल की गई है। वैसे तो महिला दिवस आठ मार्च को विश्वभर में मनाया जाता है पर इस बार आठ मार्च को होली का पर्व होने के कारण यातायात विभाग द्वारा सोमवार को यातायात विभाग द्वारा शहर भर के चैकिंग प्वाइंटों पर महिला पुलिस कर्मी और अधिकारियों को तैनात किया गया। 
महिला पुलिस कर्मियों और अधिकारियों ने अपने दायित्व का पालन करते हुए जहां वाहन चालकों को यातायात के नियमों का पालन करने की समझाइश दी वहीं, जो वाहन चालक यातायात के नियमों का पालन न करते हुए नजर आया उसके विरुद्ध चालान की कार्रवाई की। इस मौके पर महिला पुलिस कर्मियों के सहयोग के लिए चैकिंग प्वाइंटों पर पुरुष पुलिस कर्मी और अधिकारी भी मौजूद रहे।