होली घर पर मनाने की जल्दी में रेल-बसें ठसाठस,खड़े होकर कर रहे सफर

Mar 05 2023

ग्वालियर। होली का त्योहार हर कोई अपने परिवार के साथ मनाने को व्याकुल है, ऐसे में बीती रात से शहर से जाने वाले हजारों लोगों का रेलवे व बस स्टैण्ड पहुंचना शुरु हो गया और जिसे जैसा साधन मिला वह ट्रेन व बसों में सवार होकर अपने गंतव्य शहरों के लिए रवाना होते देखे गए। होली से पहले रविवार होने के कारण लोग आज ही अपने-अपने घरों के लिए रवाना हुए। इस कारण रविवार को ज्यादा भीड़ रही।
रंगों का पर्व अपने परिवार के साथ मनाने के लिए हर व्यक्ति घर आ रहा है, तो कोई जा रहा है। ट्रेनों में भीड़ का आलम यह है कि दिल्ली, मुम्बई पुणे जैसे बड़े शहरों से आने वाली सभी ट्रेनों के स्लीपर कोच से लेकर जनरल कोचो में पैर रखने तक की जगह मुसाफिरों को नहीं मिल रही है। हालांकि होली के त्योहार पर परेशानी से बचने के लिए हजारों परिवारों ने पहले ही आरक्षित टिकट बुक करा रखा था। लेकिन रिजर्वेशन कोचों में भी लोगों को आरक्षित टिकट होने के बाद भी सीट नहीं मिल रही थी। ट्रेनों में घुसने से लेकर उतरने को लेकर मारामारी हो रही है। नई दिल्ली व भोपाल रेल मार्ग पर चलने वाली तमाम ट्रेनों के स्लीपर कोच जनरल कोच में तब्दील हो गए। ऐसे में यात्रियों को अपनी आरक्षित सीट साझा करना पड़ी। यही हाल बसों का भी रहा। बसों में भी जाने वालों की भीड़ बेकाबू दिखाई दे रही है। 
होली की पूर्व संध्या पर रेलवे स्टेशन से घर पहुंचने वाले यात्रियों की भीड़ रही। यात्रियों को सफर में सीट नहीं मिली। बस व ट्रेनों में लोग खड़े होकर यात्रा करते दिखाई दिए। खिडक़ी से अंदर जाने में ही लोगों को धक्कामुक्की तक करनी पड़ी।
घर जाने के लिए रेल में रिजर्वेशन नहीं मिलने पर कई लोग निजी वाहनों से अपने घर के लिए रवाना हुए जबकि कई लोगों ने टूर एण्ड ट्रेवल्स एजेंसियों से संपर्क कर टैक्सी कर अपने घर के लिए रवानगी डाली। त्योहार के कारण उन्हें पैसे भी ज्यादा देने पड़े। 
आरपीएफ ने चलाया चेकिंग अभियान
बीते रोज से ही स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को काबू करने के लिए आरपीएफ-जीआरपी को जमकर मशक्कत करनी पड़ी। जनरल टिकट विंडो पर यात्रियों की भीड़ अधिक होने के कारण कई बार यात्री बिना टिकट लाइन में लगे लोगों से उलझते दिखाई दिए।