इस होली म्यूजिकल पिचकारी बच्चों की पहली पसंद

Mar 05 2023

ग्वालियर। त्यौहार होली का हो तो बात रंगों और पिचकारी की ही होगी। दो दिन बाद होली है और बाजार रंग-बिरंगी पिचकारियों और रंगों से सज गए हैं। हर तरफ रंगों के इस त्यौहार का उल्लास नजर आ रहा है। विशेषकर बच्चे ज्यादा उत्साहित हैं। बाजार में इस बार मोदी मुखौटे दुकानों से ज्यादा टंगे नजर आ रहे हैं। स्पाइडर मैन, डोरोमोर के साथ-साथ मोदी मुखौटे की डिमांड सबसे ज्यादा है। इसके अलावा म्यूजिकल पिचकारी, छोटा भीम पिचकारी, स्पाइडर मैन, मोटू-पतलू व लाइटिंग वाली पिचकारी भी लोगों को खूब लुभा रही है। बाजार में 20 रुपए से लेकर 500 और 1000 रुपए तक की पिचकारी सजी हुई हैं।
ग्वालियर सहित पूरे भारतवर्ष में हर्ष और उल्लास से मनाया जाने वाला होली का त्यौहार इस साल मार्च महीने की 8 तारीख को मनाया जाएगा। जिसकी तैयारियां शहर के बाजारों में जोर शोर से शुरू हो गई हैं। बाजारों में लगने वाली दुकानों पर इस बार बच्चों के लिए नई-नई तरह की पिचकारियां आई हैं। जिसमें डोरोमोन, छोटा भीम, विराट कोहली और होली के गाने वाली पिचकारी व अन्य किस्म की पिचकारिया आई है। इसके साथ ही बाजारों में बच्चों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे वाले मुखौटे भी बाजारों में बच्चों का मन मोह रहे हैं। बच्चे बाजारों में नरेंद्र मोदी और गाने वाली पिचकारी खरीदने के लिए लगातार माता-पिता के साथ पहुंच रहे हैं।
इस बार बच्चों के लिए कई प्रकार की पिचकारी आई हैं, लेकिन बच्चों के लिए होली के गाने वाली पिचकारी बाजार में खास आई है। इस म्यूजिकल पिचकारी में तीन प्रकार के होली के गाने बजते हैं। इसके अलावा नरेंद्र मोदी के चेहरे वाले मुखौटे भी बच्चों के लिए बाजार में आए हैं। बच्चे गाने वाली पिचकारी और मोदी के मुखोटे खरीदने के लिए बाजारों में आ रहे हैं अगर इनकी कीमत की बात करें तो 20 रुपये से लेकर 1 हजार रुपए तक की पिचकारी मौजूद हैं।