दो दर्जन स्कूली वाहनों की चेकिंग, चालान सिर्फ एक कटा

Mar 04 2023

ग्वालियर। पुलिस द्वारा सती बरते जाने से शहर में ट्रैफिक रूल्स फॉलो होने लगे हैं। जिसके चलते शनिवार सुबह ट्रैफिक डीएसपी द्वारा की गई करीब दो दर्जन स्कूली वाहनों की चेकिंग में सिर्फ एक ही चालान कट सका। जबकि कुछ दिन पूर्व तक इस तरह के अधिकांश वाहनों में खामियां मिल रही थीं।
मांढरे की माता मंदिर के पास विगत दिनों पल्र्सवैली स्कूल बस पलटने से एक नर्सिंग छात्रा व उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई थी। इस हादसे से सबक लेते हुए पुलिस अफसरों द्वारा शहर के सभी स्कूल संचालकों को उनके वाहन दुरूस्त करवाने तथा सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने के लिए पांच दिन का अल्टीमेटम दिया गया था। उक्त मियाद खत्म होते ही ट्रैफिक के अमले ने सडक़ों पर उतरकर चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान जिस वाहन में भी खामी मिली, उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस की इस सख्ती से अब अधिकांश स्कूली वाहनों में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन होता नजर आ रहा है। यही वजह है कि शनिवार को जब ट्रैफिक डीएसपी नरेश अन्नोटिया ने अपनी टीम के साथ शिंदे की छावनी एवं मांढरे की माता के पास करीब दो दर्जन स्कूली वाहनों को चेक किया, तो उनमें कोई खामी नहीं मिली। सिर्फ एक वाहन चालक नेम प्लेट लगाया नहीं मिला, जिससे उसका स्पॉट पर ही 500 रुपए का चालान काटा गया।
ट्रैफिक डीएसपी नरेश अन्नोटिया ने बतया कि हमने दो पॉइंट्स पर करीब दो दर्जन स्कूली वाहनों को चेक किया, उनमें से किसी भी वाहन में कोई खामी नहीं मिली। एक ड्राइवर ने नेमप्लेट नहीं लगा रखी थी, जिसका चालान काटा गया है।