जेयू की कार्यपरिषद ने 9 करोड़ घाटे का बजट पारित किया

Mar 03 2023

ग्वालियर। जेयू का 9 करोड़ रुपए घाटे का बजट कार्यपरिषद की बैठक में प्रस्तुत किया गया। बजट में पोस्ट डॉक्टोरल फैलोशिप, रिसर्च स्टार्ट अप ग्रॉट, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तहत नए उपकरण मिलने का उल्लेख है, इससे रिसर्च कार्य को गति मिलेगी। इसके अलावा प्लेसमेंट पर भी जोर है, इससे विद्यार्थियों को फायदा होने को उम्मीद है। कुलपति प्रो. अविनाश तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में रजिस्ट्रार आरकेएस बघेल सचिव के तौर पर मौजूद रहे।
बैठक में सत्र 2023-24 का बजट पेश किया गया। यह लगभग 9 करोड़ घाटे का बजट था, जिसे सर्वसम्मति से मान्य किया गया। बजट में यूनिवर्सिटी कैंपस में जल संरक्षण, संवद्र्धन और पर्यावरण विकास के लिए 2 करोड़ का प्रावधान किया गया है। ऐसा जेयू के बजट में पहली बार किया गया। बजट में 8 करोड़ की लागत से एमबीए लेक्चर कॉम्पलेक्स के निर्माण का बजट में प्रावधान किया गया है। इसमें सभी एमबीएस कोर्स की क्लास एक ही स्थान पर आयोजित करवाई जाएंगीं। अभी विभिन्न विभागों में एमबीए कोर्स की क्लास चलती हैं। इसके अलावा पुरातत्व अध्ययनशाला के विस्तार के लिए भी 2 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही सत्र 2022-23 के वार्षिक लेखा का भी अनुमोदन किया गया। बजट के लिए हुई बैठक में रेक्टर प्रो. डीएन गोस्वामी, कार्यपरिषद सदस्य शिवेंद्र सिंह राठौड़, विवेक भदौरिया, प्रदीप शर्मा, प्रो. जीवीके प्रसाद आदि मौजूद थे। इसके अलावा संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा, अतिरिक्त संचालक उ‘च शिक्षा प्रो तथा जेयू के प्रभारी वित्त नियंत्रक मौजूद थे।