सट्टा लगाने के संदेह में पांच पकड़े, एक खिलाड़ी भी

Mar 03 2023

ग्वालियर। ग्वालियर जीवाजी यूनिवर्सिटी थाना पुलिस ने कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम से ईरानी ट्राफी का मैच के दौरान पांच लोगों को सट्टा लगाने के संदेह में पकड़ा है। पांचों को पुलिस थाने ले आई है, जहां उनसे पूछताछ चल रही है। जानकारी के अनुसार पूलिस को सूचना मिली कि, सट्टा लगाने वाले पांच लोग रूपसिंह स्टेडियम की गैलरी में खड़े हुए हैं। इस आधार पर पुलिस रूपसिंह स्टेडियम की गैलरी में महापौर निवास के सामने वाले गेट से पहुंची। उस समय एक युवक के हाथ में मोबाइल पर आनलाइन स्कोर शीट खुली हुई पाई गई। इसके बाद पुलिस ने वहां मौजूद पांच युवकों को पकडक़र पूछताछ करने के लिए थाने ले गई। बताया जा रहा है, जिन लोगों को पकड़ा गया है, उनमें एक क्रिकेट का खिलाड़ी भी रहा है।
कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम में ईरानी ट्राफी के अंतर्गत मैच खेला जा रहा है। मप्र की टीम के खिलाड़ी यश दुबे और हर्ष गवली मैदान पर बल्लेबाजी कर रहे थे। पुलिस को संदेह था ये लोग इस मैच पर भी सट्टा लगा रहे होंगे। पुलिस के अनुसार अगर ये वाकई सटोरिये हैं तो इनसे पूछताछ में कई राज सामने आ सकते हैं। उल्लेखनीय है इस मामले से पूर्व में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर और आइपीएल के मैच में पुलिस ने कई आरोपियों को पकड़ा है। ईरानी ट्राफी में मैच खेलने के लिए अच्छे खिलाड़ी आए हैं।