दूसरे दिन भी यातायात विभाग ने ढाई सौ स्कूली वाहनों की जांच-पड़ताल की

Mar 01 2023

ग्वालियर। पुलिस की लगातार चैकिंग के चलते स्कूल, कॉलेज में अटैच बसों ने अपने रूट ही बदल दिए, लेकिन बुधवार को पुलिस बदले रूट पर चैकिंग करती हुई नजर आई है। बुधवार को भी डेढ़ सैकड़ा बसों में जांच की है। एक बस में नर्सिंग छात्र-छात्राएं भरे थे।
बस 48 सीटर थी, लेकिन जब अंदर पैसेंजर गिने गए तो 68 बैठे थे। इसी तरह एक अन्य बस में 35 सीट पर 43 छात्राएं बैठी हुई थीं। बसों से पैसेंजर को बाहर निकालकर पुलिस ने वाहनों को जब्त कर लिया है। अन्य वाहनों से छात्रा को स्कूल, कॉलेज पहुंचाया गया है।
एएसपी यातायात मोती उर रहमान ने बताया कि लगातार कार्रवाई करने के बाद बुधवार को जब यातायात पुलिस अपने पॉइंट पर बसों की चेकिंग करने पहुंची तो इन मार्गों पर काफी कम बसें आ रही थीं। बस ऑपरेटर्स ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए रूट बदल दिए थे। जिस पर पुलिस ने अपने चेकिंग पॉइंट का स्थान बदला और कंपू यातायात थाना पुलिस ने इंदरगंज पर डीएसपी नरेश अन्नोटिया व यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने चेकिंग की, तो सिटी सेंटर में डीएसपी बैजनाथ प्रजापति व थाना प्रभारी सोनम पाराशर तथा गोला का मंदिर चौराहे पर सूबेदार राधा वल्लभ गुर्जर ने चेकिंग की कमान संभाली।
लगभग दो सौ पचास स्कूली बसें चेक की गई जिनमे 39 बसों में कमी पाई जाने पर उनके विरुद्ध चालानी कार्यवाही कर 21500 रुपए शमन शुल्क वसूल किया गया। और दो बसें ओवर लोडिंग करते पाई गई उनके बच्चों को दूसरे वाहनों से स्कूल पहुंचा कर नियम अनुसार चालानी कार्यवाही कर कंपू थाने पर खड़ा कराया गया। सभी स्कूल वाहन चालकों को समझाइस दी गई कि माननीय सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के अनुरूप सभी पूर्तियां करके ही स्कूली वाहनों का संचालन करना सुनिश्चित करें जिससे स्कूली बच्चों की समुचित सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फिटनिस को लेकर यातायात विभाग अलर्ट
स्कूल संचालकों और स्कूली बस संचालकों की बैठक और अल्टीमेटम के बाद भी स्कूल बस संचालक सुधरने का नाम नहीं ले रहे और बच्चों की सुरक्षा के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे। डीएसपी नरेश बाबू अन्नौटिया के नेतृत्व में दूसरे दिन भी स्कूली वाहनों के ािलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की गई जिसमें बड़ी संया में वाहनों में कमियां पाई गईं और 39 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा कई वाहन चालकों को समझाइश दी। श्री अन्नौटिया ने बताया कि जिस वाहन में अनियमितता मिलेगी उसे बशा नहीं जाएगा। 
स्कूली वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान जहां कई वाहनों में कमियां मिलीं वहीं कई वाहन ऐसे भी मिले जिसमें क्षमता से अधिक बच्चे बैठे मिले। जिन वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चे मिले उन वाहनों के बच्चों को दूसरे वाहनों से स्कूल पहुंचाया और वाहनों को कंपू थाने में खड़ा करवाया। 
पुलिस द्वारा जुर्माना करने से पहले बस ऑपरेटर ने जुर्माना भरने के लिए कॉल लगवाने का प्रयास किया, लेकिन अफसरों के तेवर देखकर उन्होंने जुर्माना जमा कराने में भलाई समझी और जुर्माना भरने के बाद आगे से नियमों का पालन करने का वादा किया।
पुलिस अफसरों का कहना है कि बच्चों के जीवन से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा और बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस का चेकिंग अभियान लगातार चलाया जाएगा, जिससे वाहन चालक नौनिहालों के जीवन से खिलवाड़ नहीं कर सकें।