दुर्घटना में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत, पति ग्वालियर में भर्ती

Feb 27 2023

डबरा। चार दिन से ग्वालियर में इलाज के लिए भर्ती महिला की मौत हो गई। पति आज भी गंभीर अवस्था में ग्वालियर में इलाज करा रहा है। घटना 23 फरवरी को डबरा भितरवार मार्ग पर झाडोली के पास घटी थी, जहां तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी थी।
भितरवार के वार्ड दस में रहने वाली अनीता पत्नी प्रताप सिंह प्रजापति 23 फरवरी को डबरा से भितरवार की तरफ जा रहे थे। झाडोली के पास पहुंचे इसी दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक इलाज के लिए भितरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर भेज दिया था। सोमवार को इलाज के दौरान महिला अनीता की मौत हो गई। अनीता छात्रावास में रोटी बनाकर घर का गुजारा करती थी और बच्चों की देखरेख करती थी। घटना में बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया, तो पिता आज भी ग्वालियर में भर्ती है।