मेला का आखिरी संडे फुल रहा, झूलों पर अधिक भीड़

Feb 26 2023

ग्वालियर। इस बार के ग्वालियर व्यापार मेला में आखिरी संडे को मेला का नजारा देखने लायक था। अनौपचारिक रूप से पिछले 64 दिन से एवं औपचारिक रूप से पिछले 51 दिन से चल रहे मेला में सुबह रेडियो रूम से लाइड स्पीकर पर आरती की आवाज के साथ गेट खुलते ही हर सेक्टर में सैलानियों की भीड नजर आ रही थी। सबसे ज्यादा भीड़ झूला सेक्टर में दिखाई दी। यह नजारा समय के साथ बीतता गया और आधा दिन बीतने तक मेला खरीदारों से गुलजार नजर आया। सैलानियों ने दिल खोलकर मेले का आनंद लिया और खरीदारी की । 25 दिसंबर से शुरु हुआ मेला 28 फरवरी को समाप्त हो जाएगा, इसलिए आज सैलनियों के साथ वास्तविक खरीदारों की संख्या ज्यादा रही। सैलानियों ने गर्मी को नजरअंदाज कर खरीदारी की। 
सैलानी मेला का गेट खुलते ही पहुंचना शुरु हो गये। सबसे ज्यादा भीड़ झूला सेक्टर में दिखाई दी। इसके अलावा इलेक्टॅ्रानिक सेक्टर, फर्नीचर सेक्टर, रेडिमेड गारमेंट, कश्मीरी बाजार, शिल्प बाजार में जो लोग अब तक मोल भाव करके या सामान पसंद करके चले गए थे वो लोग आज सामान खरीदते एवं बुकिंग किए गए सामान की डिलीवरी लेते नजर आए। 
आज से होलाष्टक शुरु होने के कारण मेला में वाहन टैक्स में दी जा रही 50 प्रतिशत छूट का लाभ लेने बड़ी संख्या में लोग वाहन शोरूमों पर वाहन खरीदने पहुंचे। जो लोग पहले बुकिंग करा गए थे वो शोरूमों पर वाहनों की डिलीवरी लेते देखे गए। मेला स्थित आरटीओ ऑफिस के बाहर भी रविवार को बड़ी संख्या में वाहनों का वैरिफिकेशन हुआ।
गर्मी से राहत के लिए शीतल पेय पदार्थों की जमकर बिक्री हुई। जहां आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, जूस, सॉफ्टी के स्टॉलों पर भीड़ दिखाई दी, वहीं उठते मेला में मेला की शान पापड़. गाजर का हलवा आदि का लुत्फ उठाने से भी सैलानी नहीं चूके।