स्कूल बस की चपेट में आई नर्सिंग छात्रा की मौत

Feb 22 2023

ग्वालियर। कैंसर हिल्स पर एक दिन पहले पल्स वैली स्कूल की बच्चों से भरी बस क्रमांक एमपी 09 एफए 7721 अनियंत्रित होकर मांढरे की माता मंदिर के पास पलट गई थी। बस में सवार दो बच्चे घायल हुए थे, जबकि बस के पलटने से उसकी चपेट में पास से गुजर रही एक नर्सिंग छात्रा भी आई थी। नर्सिंग छात्रा आठ महीने की गर्भवती भी थी। गर्भ में पल रहा बच्चा तो मंगलवार की शाम को खत्म हो गया था। बुधवार सुबह नर्सिंग छात्रा ने भी दम तोड़ दिया है।
हादसे में चंद कदमों की दूरी पर चल रहे नर्सिंग छात्रा की पांच साल की बेटी व पति किस्मत से बच गए। बुधवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया है। मृतका मथुरा से अपने पति के साथ पेपर देने ग्वालियर आई थी। उसे नहीं पता था अनहोनी परीक्षा के बहाने उसे मौत तक खींचकर ला रही है। बस के दस्तावेज देखे तो खुलासा हुआ कि वह 34 सीटर थी, लेकिन उसमें 36 स्कूली छात्र सवार थे। स्टाफ अलग से सवार था।
बतादें कि कैंसर पहाड़ी पर मंगलवार को बच्चों से भरी पल्स वैली स्कूल की बस पलट गई थी। इससे उसमें सवार बच्चों में से दो बच्चे घायल हुए थे। इसके साथ ही वहां से गुजर रही मथुरा की रहने वाली नेहा शर्मा भी बस की चपेट में आ गई। वह अपने पति और पांच साल की बेटी के साथ नर्सिंग की परीक्षा देने आई थी। दो स्कूली बच्चों के साथ गर्भवती नर्सिंग छात्रा नेहा शर्मा (25) गंभीर रूप से घायल हुई थी। हादसे के बाद से ही उसे वेंटीलेटर पर रखा गया था। मंगलवार देर शाम हादसे में घायल हुए उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई थी।
पत्नी आगे थी, मैं और बेटी पीछे, पल भर में उजड़ गई दुनिया
नेहा के पति मानवेंद्र ने बताया कि मथुरा से सोमवार को ही नेहा को नर्सिंग की परीक्षा दिलाने मथुरा से ग्वालियर लेकर आया था। परीक्षा खत्म होने के बाद पत्नी नेहा और पांच साल की बेटी को लेकर कैंसर पहाड़ी से नीचे उतर रहा था। अचानक बस का संतुलन बिगड़ा और पलट गई। इससे नेहा बस की चपेट में आ गई। उसे 8 माह का गर्भ था। सब कुछ इतना तेजी से हुआ कि कुछ समझ नहीं पाए। मैं और मेरी बेटी कुछ आगे चल रहे थे, इसलिए बस की चपेट में आने से बच गए। नेहा के गर्भ में पल रहे आठ माह के बच्चे की शाम को अस्पताल में मौत हो गई, जबकि बुधवार सुबह नेहा भी जिंदगी की जंग हार गई।