साढ़े 4 लाख के जेवर से भरा पर्स लौटाने पर ऑटो चालक को एसपी करेंगे सम्मानित

Feb 22 2023

ग्वालियरा। कौन कहता है कि ईमानदारी जिन्दा नहीं है। लोग ईमानदार भी हैं और समय आने पर इसका उदाहरण भी देते हंै। एक ऑटो चालक को साढ़े चार लाख रुपए के जेवर से भरा पर्स सडक़ पर मिला। पर्स में जेवर देखते ही चालक पुलिस के पास पहुंचा और जेवर से भरा पर्स पुलिस को सौंपा। पुलिस जेवर के मालिक को तलाशती, लेकिन इससे पहले ही एक दंपति थाने पहुंचा और मामले की जानकारी दी। थाने में अपना पर्स देखते ही उसकी आंखों से खुशी के आंसू निकले और ऑटो चालक व पुलिस को धन्यवाद दिया। 
बेरजा बिजौली निवासी रामवीर गुर्जर पुत्र मेवाराम गुर्जर किसान है और बीते रोज बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए पत्नी चित्रा व दो बच्चों के साथ जा रहे थे। जाने से पहले वह मुरार स्थित नवीन ज्वेलर्स के यहां पहुंचे और बहन को देने वाले जेवर के साथ ही पत्नी के लिए बनवाए जेवर उठाकर शादी में शामिल होने के लिए बाइक से निकल गया। विवाह समारोह में पहुंचने से पहले उसकी पत्नी ने बताया कि उसका जेवर से भरा पर्स गिर गया है। पर्स गिरने का पता चलते ही वह मुरार थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की। पुलिस ने सीसीटीवी चेक करना शुरू किया, तभी पिण्टो पार्क निवासी प्रमोद वर्मा पर्स को लेकर यातायात थाना मेला पहुंचा और पुलिस अफसरों को जेवर से भरा पर्स सौंपा। पर्स में जेवर देखते ही अफसरों ने आरक्षक सत्यवीर सिंह के साथ उन्हें मुरार थाने पहुंचाया और बताया कि प्रमोद ऑटो चालक है और जेवर से भरा पर्स प्रमोद को मिला था, जेवर सही व्यक्ति को मिले इसलिए वह जेवर से भरा पर्स लेकर यातायात थाने पहुंचा और पुलिस को सौंपा था। 
एसएसपी अमित सांघी ने कहा कि ऑटो चालक की ईमानदारी से किसान को उसके खोए हुए साढ़े चार लाख रुपए कीमत के जेवर वापस मिले हंै, ऑटो चालक की ईमानदारी पर उसे प्रशंसनीय पत्र दिया जाएगा।