जिंसी नाला-2 की रोड स्मार्ट बनाने के लिए खोदी,ट्रैफिक जाम

Feb 21 2023

ग्वालियर। स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ने स्मार्ट रोड़ का प्रोजेक्ट जून 2023 तक पूरा करने के लिए काम की रफ्तार बढ़ा दी है। राजपायगा मार्ग अभी पूरी भी नहीं बन सकी और स्मार्ट सिटी ने जिंसी नाला-2 की एक तरफ की सडक़ को खोदना शुरू कर दिया। डायवर्ट ट्रैफिक को कंट्रोल करने ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था नहीं होने से हुजरात पुल से ऊंट पुल तक आने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग रहा है।
स्मार्ट सिटी ने पिछले दिनों 1.4 किलोमीटर लंबी सडक़ को बनाने के लिए ऊंट पुल के आगे से खुदाई शुरू की थी। अभी ऊंट पुल से माधव प्लाजा के सामने तक करीब 500 मीटर खुदाई कर दी गई है। इस कारण से एक तरफ से सडक़ पूरी तरह से बंद हो गई है। एक मार्ग से ही वाहनों का आना-जाना लगा हुआ है।
छत्री बाजार की रोड पर स्मार्ट सिटी के अफसरों ने आनन-फानन में काम शुरू करा दिया था, लेकिन डक्टिंग की खुदाई करते ही पानी की लाइनें निकल आई। इसके बाद स्मार्ट सिटी ने काम को फिलहाल बंद कर दिया है।
हुजरात पुल चौराहे से ऊंट पुल की तरफ आने वाले मार्ग पर कुछ स्थानों पर चार पहिया वाहन स्थाई रूप से खड़े हुए है। इसके अलावा दुकानदार दुकान के बाहर ही वाहन लगाकर लोडिंग-अनलोडिंग का काम कर रहे है। ऐसी स्थिति में सिर्फ एक चार पहिया वाहन निकलने के लिए जगह बच रही है। यहां पर आवास पशु भी सडक़ पर बैठे रहते है। इस कारण से सोमवार दिन में उक्त मार्ग पर कई बार जाम लंबा लगता रहा।