फरवरी में रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी, पारा 35 डिग्री

Feb 21 2023

ग्वालियर। फरवरी में रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी के तेवर देखते हुए लोगों ने इससे निपटने के इंतजाम शुरु कर दिए हैं। जिस तेजी से पारा ऊपर भाग रहा है और मौसम विभाग द्वारा इस साल रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की भविष्यवाणियां की हंै उसने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। फरवरी में पारा 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ चुका है। ऐसे में लोगों ने घर के कोनों में रखे कूलर निकालकर उनकी सफाई शुरु कर दी है। उधर मौसम विभाग का कहना है कि आज से मौसम फिर करवट लेगा और लोगों को गर्मी से हल्की राहत मिलेगी।
पारा 30 डिग्री तक पहुंचते ही घरों में पंखे चलने लगे हैं। गर्मी एकदम बढऩे से घरों में कूलरों की सफाई शुरु हो गई है, कूलरों के पेड और टटियां बदलीं जा रही हैं। जिन घरों में एसी लगे हैं वे एसी को चैक करा रहे हैं। जिससे कि जरुरत पडऩे पर इनका उपयोग शुरु किया जा सके। वैसे तो होलीका दहन के बाद गर्मी अपने रंग में आने लगती है लेकिन इस बार गर्मी ने फरवरी माह में ही जोरदार दस्तक दे दी है। गर्मी को देखते हुए बाजार में दुकानदारों ने कूलर, पंखों से दुकानों को भर दिया है। सुबह आठ बजे से ही धूप अपना असर दिखाने लगी है। ठंड में पहने जाने वाले कपड़ों की धुलाई कर उन्हें अगले साल के लिए रख दिया गया है। 
मौसम विभाग का मौसम को लेकर कहना है कि लगातार बेकाबू हो रही पारे की चाल पर आज बुधवार से एक्टिव हो रहे एक नया पश्चिमी विक्षोभ अंचल वासियों को गर्मी से राहत लेकर आएगा। सिस्टम के असर के चलते जहां एक बार फिर हवा का रूख दक्षिण से उत्तरी-दक्षिणी होते ही पहाड़ों से टकराकर अंचल में आने वाली ठंडी हवा के साथ वातावरण में बढऩे वाली नमी पारे की बढ़ती चाल की चमक को कम करेगी। वहीं सिस्टम के साथ ही आगामी 25 फरवरी से एक और सिस्टम एक्टिव होगा, जिसके असर के चलते अंचल में हल्की बारिश होने से मौसम बदलते ही गर्मी से राहत देगा। 
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी 24 घंटों के दौरान सिस्टम के इफेक्ट के चलते न्यूनतम व अधिकतम पारा सामान्य से अधिक होने व कल से नए सिस्टम के असर के चलते हवा का रूख बदलते ही गर्मी से जहां आंशिक राहत मिलने की संभावना है।