साढ़े तीन किलो गांजा लेकर आया तस्कर पकड़ा

Feb 20 2023

ग्वालियर। गांजे की खेप लेकर ग्वालियर खपाने आ रहे एक तस्कर को क्राइम ब्रांच व मोहना थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में दबोचा है। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि पकड़े जाने से पहले तस्कर ने पुलिस को छकाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। पुलिस व क्राइम ब्रांच पकड़े गए तस्कर से पूछताछ में जुट गई है।
एएसपी क्राइम राजेश डंडोतिया ने बताया कि सूचना मिली थी कि हाइवे के रास्ते शहर में गांजे की सप्लाई आने वाली है, सूचना पर क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार और थाना प्रभारी मोहना कुलदीप बर्गे को सूचना की तस्दीक व कार्रवाई के लिए लगाया गया। जिस पर क्राइम ब्रांच तथा थाना मोहना की दोनों टीमों ने पार्वती नदी के पुल पर घेराबंदी की। 
पुलिस की घेराबंदी को देखकर बगैर नंबर की बाइक से आ रहा एक युवक भागने लगा और पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ा और पूछताछ की तो पता चला कि पकड़ा गया युवक शिवपुरी का रहने वाला आकाश परमार है। पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से साढ़े तीन किलो गांजा जिसकी कीमत करीब साढे 52 हजार रुपए है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पड़ताल में पता चला है कि पकड़ा गया युवक शिवपुरी से गांजे लेकर खपाने आ रहा था।