दारोगा के घर चोरी करने वाले दो पकड़े, तीन लाख रुपए का माल बरामद
Feb 20 2023
ग्वालियर। उपचार कराने के लिए दिल्ली गए दारोगा के घर चोरी करने वाले दो चोरों को जनकगंज थाना पुलिस ने एक सैकड़ा से ज्यादा सीसीटीवी देखने के बाद दबोचा है। पकड़े गए चोरों से पुलिस ने चोरी किए गए जेवर व अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस पकड़े गए चोरों से पूछताछ करने में जुट गई है। जिस दिन दारोगा के घर चोरी हुई थी, उसी दिन दारोगा ने दिल्ली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।
जनकगंज थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि डेढ़ माह पूर्व डिस्पेंसरी के पास रहने वाले अंकित पुत्र अमर सिंह के घर में चोरों ने सोने-चांदी के जेवर के साथ ही नगदी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अमर सिंह पुलिस में दारोगा के पद पर थे और जिस समय चोरी हुई उनका दिल्ली में उपचार चल रहा था और पूरा परिवार दिल्ली था। सूना घर देखकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस चोरों की तलाश में लगी हुई थी। लेकिन चोरों का पता नहीं लगा तो एएसआई विजय सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र शर्मा, आरक्षक इंद्रप्रकाश शर्मा, महेन्द्र और बालेन्दू शर्मा को चोरों की तलाश में लगाया।
वारदात का पता लगाने जुटी पुलिस टीम ने जांच की और एक टीम को घटना स्थल व अन्य स्थानों के फुटेज लेने के लिए लगाया तो दो संदेही फुटेज में नजर आए, लेकिन फुटेज धुंधले होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने हुलिया और कपड़ों के आधार पर करीब एक सैकड़ा से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले और फुटेज देखते हुए हजीरा पहुंचे तब संदेहियों के फुटेज साफ मिले और उनकी पहचान की तो पता चला कि वारदात को अंजाम देने वाला सोनू राठौर निवासी सुभाष नगर और आनंद शर्मा निवासी चार शहर का नाका है।
पहचान होने के बाद पुलिस ने तीन दिन तक उनकी घेराबंदी की, तब चोर पुलिस के हाथ आए। पूछताछ की तो पहले वह इधर-उधर की कहकर टहलाते रहे और जब पुलिस ने उनसे सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद दारोगा के घर से चोरी जेवरात बरामद करने के साथ ही अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ करना शुरू कर दिया है।
अंतर्राज्यीय चोर हैं
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि पकड़े गए चोर काफी शातिर हैं और ग्वालियर के साथ ही जयपुर, गुजरात में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस अफसरों का मानना है कि पकड़े गए चोरों से पूछताछ के बाद कुछ अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है। पुलिस ने पकड़े गए चोरों से करीब तीन लाख रुपए का माल बरामद किया है।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









