पशु-पक्षियों की सेवा करना सबसे बड़ा धर्म-राठौड़

Feb 18 2023

ग्वालियर। जिस तरह समाज और वातावरण में परिवर्तन हो रहा है, उससे हमारा भविष्य अंधकार में होता जा रहा है। इसको लेकर हमें अपने जीवन में पशु-पक्षियों की सेवा करते रहना चाहिए, क्योंकि वह भी प्रकृति की देन हैं। यह बात भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के माधौगंज सेंटर पर आयोजित शिव ध्वजारोहण में बतौर मुख्य अतिथि कही। इस मौके पर एमपीईबी के मुख्य अभियंता राजीव गुप्ता, ब्रह्माकुमारीज लश्कर की मुख्य संचालिका आदर्श दीदी, ज्योति दीदी व शासकीय विद्यालय की प्राचार्य विनीता गुप्ता मंचासीन रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई। स्वागत भाषण प्रहलाद भाई ने दिया। इसके बाद संस्थान से जुड़े श्रेष्ठा, दृष्टि, हर्षिता, संकल्प आदि बाल कलाकारों ने प्रस्तुति दी। 
आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने आगे कहा कि हमारी सनातन संस्कृति के पेड़-पौधों को देवता का दर्जा दिया गया है। इसके पीछे हमारे पूर्वजों और ऋषियों की सोच रही कि ऑक्सीजन के भंडार के रूप में हमारे जीवन मे आवश्यक होने के कारण इनकी सुरक्षा हमारा धर्म है।
आदर्श दीदी ने कहा कि भक्त लोग शिवरात्रि के अवसर पर सारी रात जागरण करते हैं, अन्न का त्याग करते हैं, जिससे भगवान शिव प्रसन्न हो। परंतु मनुष्यात्मा को तमोगुण में सुलाने वाली तो माया अर्थात विकार हैं। जब तक मनुष्य इन विकारों का त्याग नहीं करता, तब तक उसकी आत्मा का सच्चा जागरण नहीं हो सकता। इससे पहले माधौगंज केंद्र पर श्रद्धालु अनेकानेक जगहों से शिव की बारात निकालकर पहुंचे। अंत में समिति की ओर से अतिथियों को भगवान कृष्ण की तस्वीर भेंटकर सम्मानित किया। संचालन डॉ. गुरचरण भाई एवं आभार ज्योति दीदी ने व्यक्त किया।