10 रुपए में बिकी 6 वाली दूध की थैली, खूब बिकी बेलपत्री

Feb 18 2023

शनिवार को शिवरात्रि पर शिवालयों के बाहर फूल, बेलपत्री बेचने वालों के यहां रात से ही भक्तों की भीड़ लगी हुई थी और भक्त प्रसादी लेने के लिए भी दुकानों पर खड़े नजर आ रहे थे। तो वहीं शिवजी का अभिषेक करने के लिए दूध की डिमाण्ड भी रही। दूध कंपनियों ने शनिवार को दूध की एक्स्ट्रा सप्लाई एवं 100 ग्राम के दूध की विशेष पैंकिंग बाजार में उपलब्ध कराई। दूध का 100 ग्राम को पैकेट जिस पर 6 रुपए रेट प्रिंट था वो धड़ल्ले से 10 रुपए में बिकी।
कांवरियों ने चढ़ाई कांवर
भोलेनाथ की आराधना करते हुए कांवरियों ने भोला के भजन गाते हुए कांवर चढ़ाई। कांवरियों के मंदिर में पहुंचते ही भक्तों को कुछ देर के लिए रोक दिया, जिससे कांवरिए बिना परेशानी के कांवर चढ़ा सकें। कांवर चढ़ाने के लिए सुबह से शिवालयों में भीड़ लगी थी जहां सुबह से ही कांवर चढ़ाई जा रही हैं।
अचलेश्वर मंदिर के पूर्व पदाधिकारियों एवं एसडीएम के बीच बहस का वीडियो वायरल अचलेश्वर मंदिर पर वीआईपी प्रवेश एवं कार्ड बनाए जाने को लेकर अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के पूर्व पदाधिकारियों हरीदास अग्रवाल एवं सोनू वाजपेयी एवं एसडीएम विनोद सिंह के बीच बहस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो प्रशसान के लोगों को भी वीआईपी दर्शन नहीं करने देने की धमकी देते दिखाई दे रहै हैं।
प्रशासन ने बदलवाया जूता स्टैंड का भगवा रंग
अचलेश्वर महादेव मंदिर पर बने जूता स्टैंड का रंग प्रशसान ने गत रोज बदलवा दिया है। इसके रंग को लेकर हिंदू महासभा ने आपत्ति जताते हए प्रशासन को चेतावनी दी थी।
यहां भी हुए आयोजन
बंधौली स्थित शिव मंदिर एवं गिरगांव महादेव पर मेला का आयोजन दुआ। बालाजी धाम सेवा समिति गरगज कॉलोनी बहोड़ापुर द्वारा शिवजी का महारुद्राभिषेक कर अभिमंत्रित नि:शुल्क रुद्राक्ष वितरण किए गए। फूलबाग मैदान में श्रद्धेय गुरुवाणी सेवा ट्रस्ट द्वारा 21 लाख पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक किया गया। चामुंडा धाम समिति कोटेश्वर द्वारा भगवान भोलेनाथ के विवाह महोत्सव का आयोजन मंदिर पर किया गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार गायत्री प्रज्ञा पीठ कंपू एवं गायत्री चेतना केंद्र पिंटो पार्क मुरार में रुद्राभिषेक हुआ। आप पार्टी द्वारा एयर फोर्स कॉलोनी के सामने भिंड रोड पर प्रसाद वितरण कर आप पार्टी का डिजिटल सदस्यता अभियान चलाया गया।