कोटेश्वर महादेव मंदिर

Feb 18 2023

यहां रात 12 बजे मुख्य पुजारी सुनील कुडस्कर द्वारा अभिषेक के बाद श्रद्धालुओं के लिए जैसे ही कोटेश्वर महादेव के पट खोले गए वैसे ही सैकड़ों श्रद्धालुओं की कतार मंदिर के बाहर लग गई। यहां दर्शनों के लिए महिला और पुरुषों की अलग कतारें लगाकर प्रवेश दिया गया। यहां लगे मेले में पुराने मैदानों पर बाउंड्री होकर मैरिज गार्डन बन जाने से परंपरागत झूले इस बार नहीं दिखाई दिए।
गुप्तेश्वर से निकली बारात
गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से शिवरात्रि पर गाजे-बाजों के साथ शनिवार  दोपहर 12 बजे शिवजी की बारात निकाली गई। बारात में भगवान शिव दूल्हा रूप में नंदी पर विराजमान थें, वहीं भूत-पिशाच के वेश में बाराती झूमते-नाचते और जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। भगवान भोले की बारात में भक्त बाराती बनकर झूमते हुए भक्तों को चलित वाहन द्वारा भांगयुक्त ठंडाई और प्रसादी का वितरण लगातार किया जा रहा है। हनुमान चौराहे पर शिव बारात का स्वागत भक्तों द्वारा पुष्प वर्षा से किया गया।
बारात गुप्तेश्वर से शुरू होकर लक्ष्मीगंज, हनुमान चौराहा, जनकगंज, बाड़ा, सराफा बाजार होते हुए अचलेश्वर धाम पहुंची जहां उसका भव्य स्वागत अचलेश्वर न्यास के पूर्व पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
मार्कंडेश्वर महादेव मंदिर
फूलबाग चौराहा स्थित मार्कंडेश्वर महादेव मंदिर पर ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4 बजे मुख्य पुजारी डॉ. मनोज भार्गव द्वारा महाआरती कर मार्कडेश्वर भगवान का संन्यासी के रूप में विशेष शाृंगार किया गया। शाम को भगवान का दूल्हे के रूप में शाृंगार किया गया।