डीडी नगर में गंदगी देख महापौर ने निगम अधिकारियों को फटकार लगाई

Feb 13 2023

ग्वालियर। महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने दीनदयाल नगर क्षेत्र में ध्वस्त हो चुकी सफाई व्यवस्था, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट और खुले पड़े चेंबरों को देखकर निगम अधिकारियों को फटकार लगाई। जैसे ही वे यहां पहुंची लोग समस्याएं सुनाने पहुंच गए। लोगों का कहना था कि कॉलोनी से निकलने वाले डंपरों के कारण यहां की सडक़ें अपना अस्तित्व खो चुकी हैं। क्षेत्र में 80 प्रतिशत खंबों पर लाइट तक नहीं है। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए यहां लाइटें लगाए जाने के निर्देश दिए।
महापौर डॉ. शोभा सिकरवार सोमवार सुबह 7.30 बजे ही दीनदयाल नगर में निरीक्षण के लिए पहुंच गई थीं। लोगों को इसकी जानकारी मिलने पर वे भी शिकायतें करने के लिए आ गए थे। महापौर जहां भी पहुंची वहां उन्हें गंदगी नजर आई। आदित्यपुरम में एक सीवर चेंबर का ढक्कन नहीं था,इसके बारे में लोगों का कहना था कि वे छह माह से इसकी शिकायतें कर रहे हैं लेकिन कोई नहीं सुन रहा है, इस पर महापौर ने यहां ढक्कन लगाने के निर्देश दिए। इस दौरान बलवीर सिंह सहित अन्य नेता उपस्थित थे।
रहवासियों ने आरोप लगाए कि पुलिस की मिली भगत के कारण यहां डंपर अवैध रूप से अवैध उत्खनन में लगे हुए हैं। पुलिस इन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इन डंपरों के कारण यहां की सडक़ें खराब हो गई हैं। इन सडक़ों पर गड्ढे हो गए हैं निगम इन गड्ढों को भी नहीं भरवा रहा है। 
1 रुपए का नमक 5 में...कंट्रोल संचालक को दी चेतावनी
दीनदयाल नगर में राशन की दुकान पर कम तौलने तथा एक रुपए की नमक की थैली के पांच रुपए वसूली की शिकायत आज लोगों ने महापौर डॉ.शोभ सिकरवार से की। महापौर ने दुकानदार को चेतावनी दी। राशन की दुकान पर शासन द्वारा एक रुपए में नमक की थैली दी जाती है, लेकिन दुकानदार एक रुपए के स्थान पर इसके पांच रुपए वसूल करते हैं। इस पर दुकानदार का कहना था कि उसे जो माल मिलता है वह बहुत कम होता है, इसलिए दुकान चलाना मुश्किल होता है। राशन की दुकान पर लगभग आधा घंटा तक विवाद होता रहा। 
आदर्शपुरम में आ रहा गंदा पानी
महापौर डॉ.शोभा सतीश सिकरवार जब आदर्शपुरम पहुंची तो यहां लोगों ने बताया कि उनके यहां सीवर का गंदा पानी नलों में आ रहा है। लोगों ने बताया कि यहां नई लाइन तो डाल दी गई है लेकिन उसे चालू नहीं किया गया है। पुरानी लाइन में गंदा पानी आ रहा है। उन्होंने कहा कि हम लोग लगातार इसकी शिकायतें कर रहे हैं लेकिन निगम अधिकारी हमारी नहीं सुन रहे हैं। इस मौके पर मौजूद निगम अधिकारी जागेश श्रीवास्तव को उन्होंने यहां की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।