पटरी पर महिला का सिर व हाथ मिले, धड़ को तलाशने दिल्ली तक पहुंची ग्वालियर जीआरपी

Feb 02 2023

ग्वालियर। जीआरपी (गर्वमेंट रेलवे पुलिस) ने अभी तक की सबसे बड़ी सर्च की है। एक महिला के धड़ को तलाशते हुए पुलिस दिल्ली तक पहुंच गई। दो दिन पहले ग्वालियर रेलवे स्टेशन के आगरा एंड पर पटरी के पार एक महिला का सिर पड़ा मिला था। कुछ दूर एक हाथ भी मिला। महिला का दूसरा हाथ क्रॉसिंग पॉइंट पर पटरियों के बीच में फंसा था, लेकिन धड़ कहीं नहीं मिला।
यह धड़ जीआरपी के लिए चुनौती बन गया है। सिर, हाथ डाउन ट्रैक पर मिले, इसलिए माना जा रहा है कि धड़ किसी ट्रेन में फंसकर दूर निकल गया है। धड़ की तलाश के लिए जीआरपी ग्वालियर ने आगरा, मथुरा और दिल्ली तक सर्च कर ली है। अब जीआरपी के ऑल इंडिया वॉटसएप ग्रुप पर भी सूचना दे दी गई है।
ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-4 आगरा एंड पर रेल यार्ड के पास सोमवार (30 जनवरी) को महिला यात्री का कटा हुआ सिर मिला। दोनों हाथ क्रॉसिंग पॉइंट पर खम्भा नंबर 1225/10 से 12 पर फंसे हुए थे। यह जानकारी ट्रेन के ड्राइवर ने डिप्टी एसएस को दी। इसके बाद डिप्टी एसएस ने जीआरपी को मेमो देकर जानकारी दी। महिला का सिर और हाथ कटे हुए मिलने, धड़ गायब होने से हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी की डीएसपी शुभा श्रीवास्तव, टीआई बबीता कठेरिया व नैरोगेज थाना प्रभारी केएल राय मौके पर पहुंचे।
हालांकि, महिला के सिर और हाथ के अलावा शरीर का शेष हिस्सा गायब होने से यह भी आशंका जताई जा रही है कि किसी ने महिला की हत्या कर सिर और हाथ ट्रैक पर तो नहीं फेंक दिए। वहीं, जीआरपी की प्राथमिक जांच में रन ओवर (ट्रेन की चपेट में आकर मौत) का केस मान रही है। पुलिस ने एक पॉलीथिन में महिला के सिर और हाथ समेटकर जेएएच के पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पोस्टमार्टम हो गया है, लेकिन अभी रिपोर्ट जीआरपी को नहीं मिली है। डॉक्टर ने इसे ट्रेन से कटने से मौत की ओर इशारा किया है।
जीआरपी की टीआई बबीता कठेरिया का कहना है कि ऐसी आशंका है कि महिला ट्रेन की चपेट में आई होगी। ट्रेन की चपेट में आकर उसका सिर कटकर अलग गिरा और हाथ ट्रैक के क्रॉसिंग पॉइंट में फंसकर कुचल गए। धड़ ट्रेन के जाले में फंसकर चला गया है। यही कारण है कि जीआरपी ग्वालियर ने धड़ की तलाश में अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घटना डाउन ट्रैक पर आगरा एंड पर हुई है। जाहिर है आगरा-दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेने ही वहां से गुजरी होंगी। जीआरपी को महिला का सिर और हाथ मिलने की सूचना 30 जनवरी को मिली थी। जीआरपी की डीएसपी श्रीवास्तव का कहना है कि हादसा सुबह 5 से 6 बजे के बीच हुआ होगा। इस समय गश्त कम होती है।
जीआरपी ग्वालियर ने महिला के धड़ को तलाश करने के लिए आगरा, मथुरा व दिल्ली की जीआरपी से संपर्क किया है। पता लगाया है कि वहां ऐसा कोई धड़ तो नहीं मिला है, क्योंकि आशंका है कि ट्रेन के जाल में फंसकर धड़ अन्य किसी स्टेशन या एरिया में गिर सकता है। पर अभी तक कोई भी सूचना धड़ की नहीं मिली है। इसके अलावा जीआरपी ग्वालियर ने जीआरपी के ऑल इंडिया वॉटसएप ग्रुप पर भी इस घटना की सूचना शेयर की है। साथ ही, इस तरह के धड़ के संबंध में डिटेल शेयर करने के लिए मैसेज किए हैं। पर तीन दिन बाद भी कोई सफलता नहीं मिली है। अब समझ नहीं आ रहा है कि सिर, हाथ यहां मिलने के बाद महिला के धड़ को आसमान खा गया या जमीन निगल गई।
महिला के सिर, हाथ मिले हैं, लेकिन धड़ नहीं मिला है। सिर और हाथ से डॉक्टरों का अनुमान है कि जिस महिला की मौत हुई है, उसकी उम्र 35 से 40 साल के बीच रही होगी। महिला की लंबाई लगभग 5 फीट के आसपास रही होगी। जिस तरह से घटना हुई है, उससे साफ लगता है कि महिला ट्रैक पर बैठी या लेटी होगी। अब पुलिस को आशंका है कि महिला घर पर झगड़ा होने के बाद ट्रैक पर खुदकुशी के इरादे से पहुंची होगी, लेकिन शहर के थानों से भी पता किया तो ऐसी कोई गुमशुदा इंसान की रिपोर्ट सामने नहीं आई है।
मृतका की पहचान तो नहीं हुई है, लेकिन उसकी उम्र 35 से 40 वर्ष के लगभग के अलावा स्पॉट से मिले सामान के बाद पुलिस का मानना है कि मृतका मध्यम वर्गीय परिवार से है। स्पॉट से साड़ी का जो थोड़ा बहुत टुकड़ा मिला है वह सामान्य साड़ी लग रही है। एक हाथ महिला का बुरी तरह क्षतिग्रस्त है पर दूसरा हाथ जो दूसरी ओर पड़ा मिला है उसमें पीतल की चूडिय़ां है, जिससे साफ है कि वह मध्यम वर्गीय परिवार से ही होगी।
जीआरपी की टीआई बबीता कठेरिया ने बताया कि महिला का हाथ और सिर मिलने के बाद धड़ की तलाश की जा रही है। हमने आगरा, मथुरा व दिल्ली की जीआरपी को सूचना दी है। साथ ही जीआरपी के ऑल इंडिया वॉटसएप ग्रुप पर भी केस की डिटेल शेयर की है। महिला की शिनाख्त नहीं हुई है। पहचान होते ही केस का खुलासा कर सकेंगे।