सोमवार को सुबह से ही बूंदाबांदी का दौर, सर्द हवा और रिमझिम फुहारों से कंपकंपाए लोग

Jan 30 2023

ग्वालियर। जम्मू-कश्मीर व पूर्वी पाकिस्तान में एक्टिव हुए सिस्टम ने बीती रात अंचल में दस्तक दे दी। सिस्टम के असर के चलते समूचे अंचल में रात से सुबह तक चली सर्द हवा के कारण सुबह से रुक- रुक कर हो रही बूंदाबांदी से सर्दी बढ़ते ही अंचलवासी ठंड से परेशान दिखे। सर्द हवा और रिमझिम से सोमवार को लोग कंपकंपाते नजर आए।
अंचल में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होते ही सुबह साढ़े पांच बजे शुरु हुई छह से आठ किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार वाली सर्द हवा का साथ मिलते ही हल्की बूंदाबांदी का दौर सुबह से देखने को मिल रहा है। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहने के चलते सोमवार को सूर्य देवता भी बादलों की ओट से बाहर निकलने के लिए संघर्ष करते दिखाई दिए। वहीं दिन चढऩे के बाद भी बादलों की घेराबंदंी के साथ चल रही कोल्ड वेव घरों से बाहर निकले लोगों को गर्म कपड़े पहने होने के बाद भी सर्दी लग रही है।
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि अंचल में पलपल बदल रहे मौसम के साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने के कारण जहां बीती रात सर्द हवा चलने के बाद भी बादलों की आवाजाही बने रहने के कारण न्यूनतम तापमान लगभग पांच डिग्री बढक़र 12 डिग्री पर जा पहंचा। अंचल के मौसम को लेकर उपाध्याय का कहना है कि आज के बाद सिस्टम आगे बढ़ते ही कल से मौसम शुष्क होते ही ठंड से राहत मिलना शुरु हो जाएगी।
जम्मू-कश्मीर में एक और नया पश्चिमी विक्षोभ यानि जनवरी में तीसरा सिस्टम तेजी से उत्तर भारत में एक्टिव होने के साथ ही राजस्थान में बना सर्कुलेशन बीती रात अंचल में पहुंचने से मौसम पूरी तरह से बदल गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते सोमवार को दिन भर तेज ठंडी हवा के साथ होने वाली बूंदाबांदी से दिन में भी सर्दी का दौर बना रहा।