बेरहमी से की हत्या, प्लास्टिक के कट्टे में मिला शव

Jan 27 2023

ग्वालियर। तिघरा थाना क्षेत्र के निरावली मार्ग पर प्लास्टिक के कट्टे में एक युवक का शव मिला है। आशंका है कि किसी ने युवक की हत्या करके शव को ठिकाने लगाने की इरादे से सुनसान रोड पर फेंका है। शव पड़े होने का पता उस वक्त चला जब शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीण टहलने निकले तो कट्टे में युवक का शव देखा।
तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शव को बरामद कर उसे डेड हाउस में रखवा दिया है। मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। मृतक की उम्र 35 से 40 साल के लगभग है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
तिघरा थाना पुलिस के मुताबिक युवक की हत्या कहीं और की गई है और उसे साडा मार्ग पर फेंका गया है। युवक कौन है और किन लोगों ने उसकी हत्या की है, इसे लेकर फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। 
बता दें कि प्लास्टिक के कट्टे में बंद युवक के दोनों हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए थे, और युवक की उम्र पच्चीस से 35 से 40 साल के आसपास बताई गई है। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि युवक की हत्या की गई है लेकिन जब तक युवक की पहचान नहीं हो जाती तब तक पुलिस किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच सकती है। पुलिस ने आसपास के थानों में लाश बरामदगी की सूचना एवं फोटो भेज दिए है। 
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का चिकित्सकों से डिटेल मांगा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवक के बारे में पतारसी कर ली जाएगी और हत्या के कारणों का खुलासा भी हो जाएगा।
तिघरा थाने के सब इंस्पेक्टर भूरासिंह गुर्जर का कहना है कि निरवली चौराहे के पास तिघरा बायपास पर एक युवक का शव मिा है। मृतक के हाथ पैर रस्सियों से बंधे हुए थे लेकिन युवक का शव किसने यहां फेंका है यह पता नहीं चल सका है। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।