गणतंत्र दिवस पर शान से लहराया तिरंगा ऊर्जा मंत्री ने ध्वजारोहण कर ली परेड़ की सलामी

Jan 26 2023

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में गौरवशाली भारतवर्ष का 74वाँ गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उमंग, हर्षोंल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। यहाँ कम्पू स्थित एसएएफ ग्राउंड पर आयोजित हुये गरिमामयी मुख्य समारोह में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। 
गणतंत्र दिवस पर आयोजित हुए मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने प्रात 9 बजे ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर  कौशलेन्द्र विक्रम सिंह व एसएसपी अमित सांघी के साथ खुली जीप में सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। श्री तोमर ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया।
ध्वजारोहण करने के बाद प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। जिसमें प्रदेश व शहरवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाओं के साथ-साथ विकास पथ पर निरंतर चलते रहने की कामना की। शहर में हाल ही में किए गए विकास कार्यो के बारे में भी बात हुई जिसमें एलिवेटेड रोड प्रमुख रही। इसके बाद ऊर्जा मंत्री तोमर बोले कि यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे मेरे शहर में मेरे अपने लोगों के बीच झंडा वंदन का मौका मुख्यमंत्री ने दिया। जिसके लिए मैं उनका आभारी रहूंगा। देश व प्रदेश की तरह शहर भी लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने खेलों में भी देश के नाम रोशन करने की बात कही। हमारे देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सबका साथ-सबका विकास को लेकर काम कर रहे हैं। 
 संयुक्त परेड में शामिल जवानों ने हर्ष फायर किये और राष्ट्रपति के जयकारे लगाये। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने 74वे गणतंत्र दिवस की सभी जिलेवासियों को बधाई दी। मुख्य अतिथि ने शांति और खुशहाली के प्रतीक हरे, सफेद व केसरिया रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों व लोकतंत्र सेनानियों को समारोह में सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गईं शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित झाँकियां, स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक व्यायाम व डॉग शो भी आकर्षण का केन्द्र रहे।