गोहद से ग्वालियर जा रही यात्री बस पलटी, 6 से ज्यादा लोग घायल

Jan 25 2023

ग्वालियर। गोहद से ग्वालियर जा रही एक यात्री बस बुधवार दोपहर करीब 1:30 महर्षि अरविंद महाविद्यालय के सामने पलट गई। इस हादसे में 6 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यात्रियों ने बताया कि बस चालक एक डंपर को ओवरटेक कर रहा था। इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई।
महर्षि अरविंद महाविद्यालय सामने यह बस हादसा हुआ। इसी समय इस रास्ते से एसडीएम शुभम शर्मा निकल रहे थे। उन्होंने अपने वाहन को रोका और तत्काल लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं मौके पर एम्बुलेंस को भी बुलाया गया। इस हादसे में 6 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है।
यात्रियों ने बताया कि बस क्रमांक एमपी 07 पी 2116 गोहद से ग्वालियर जा रही थी। इसमें 100 से अधिक सवारियों सवार थी। यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर लापरवाही से बस चला रहा था। यात्रियों ने चालक को बस धीमा चलाने के लिए कई बार कहा, लेकिन उसने सवारियों की एक न सुनी और तेज बस चलाता रहा। इस दौरान एक डंपर को ओवरटेक करते समय बस पलट गई।
बस पलटने के बाद चालक भागता हुआ सरसों के खेतों में भाग गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से खंती में गिरी बस को निकालकर बाहर खड़ा कर लिया है। बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि गोहद में मंगलवार को जगदीश नामधारी के यहां शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए कई लोग आए थे।
शादी का कार्यक्रम खत्म होने के बाद 12 से अधिक रिश्तेदार दिल्ली ताज एक्सप्रेस पकडऩे इसी बस से ग्वालियर जा रहे थे। सबसे ज्यादा घायल उन्हीं के परिवार के लोग बताए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घायल यात्रियों को बस का आगे और पीछे के कांच तोडक़र निकाला गया।