आइटीएमएस की टाइमिंग फिर गड़बड़, वाहन चालक परेशान

Jan 25 2023

ग्वालियर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन द्वारा 52 करोड़ रुपए की लागत से लगाए गए इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के सिग्नलों की टाइमिंग फिर गड़बड़ होने से वाहन चालक परेशान हैं। कहीं सिग्नल बंद पड़े हुए हैं, तो कहीं लाइट हरी होने में ज्यादा समय खर्च होता है। माधव नगर चौराहा पर लगा हुआ सिग्नल तो स्थायी रूप से ब्लिंकर पर है। वहीं कटोराताल पर लगे सिग्नल को भी स्थायी रूप से बंद रखा गया है।
ट्रैफिक सिग्नल की टाइमिंग और रेड लाइट की गफलत जाम का कारण बन रही है। चौराहों पर वाहन फंस रहे हैं और लंबा जाम लग रहा है। शहर के अधिकांश चौराहों पर यही हालात बने हुए हैं। शहर के माधव नगर चौराहे पर लगे यातायात सिग्नल पिछले 15 दिनों से बंद पड़े हुए हैं। यहां लाल बत्ती होने पर वाहन रुक जाते थे, लेकिन अब पीली बत्ती ही जलती रहती है और चारों तरफ से ट्रैफिक चलता है। इससे आएदिन दुर्घटनाएं हो रही है, वहीं यातायात व्यवस्था भी बिगड़ रही है। 
यही स्थिति लक्ष्मीबाई समाधि के सामने वाले तिराहे की है। इसके अलावा चेतकपुरी चौराहा पर यातायात सिग्नल की वजह से ही जाम लग रहा है। यहां यातायात सिग्नल पर ही लेफ्ट टर्न क्लियर नहीं है। जगह-जगह वाहन खड़े रहते हैं। इससे जाम लगता रहता है। लोग परेशान होते रहते हैं लेकिन यहां ट्रैफिक पाइंट भी नहीं रहता जो ट्रैफिक व्यवस्थित कर सके। टाइमिंग भी ट्रैफिक लोड के हिसाब से नहीं है इसकी वजह से यहां वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ सिटी सेंटर स्थित यूनिवर्सिटी तिराहे पर हाईकोर्ट की ओर से आने वाले ट्रैफिक़ के भार के हिसाब से टाइमिंग नहीं है। यहां टाइमिंग गड़बड़ है, इस वजह से जाम लगता है। कई बार वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हो जाते हैं। अब स्मार्ट सिटी के अधिकारी इसमें सुधार की बात कह रहे हैं।