जीएम सतीश कुमार ने किया रेलवे स्टेशन का निरीक्षणकर

Jan 23 2023

ग्वालियर। उत्तर मध्य रेलवे के जीएम सतीश कुमार ने सोमवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री कुमार ने जहां रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया वहीं दूसरी ओर उन्होंने अधीनस्थों के साथ रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों पर भी चर्चा की। निरीक्षण के दौरान उन्हें जहां भी अव्यवस्थाएं मिलीं उन पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर हाल में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद होना चाहिए। यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े। 
सनद रहे कि रेलवे स्टेशन पुनर्विकास के भूमिपूजन की अभी न तरीख तय हो सकी है और ना अतिथि। इस कारण स्टेशन पर निर्माण कार्य में गति नहीं दिख रही है। पुनर्विकास का कार्य 24 महीने में पूरा करना है, अब 23 महीने शेष बचे हैं। सोमवार को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सतीश कुमार स्टेशन पुनर्विकास के कार्य का निरीक्षण किया।
उत्तर मध्य रेलवे ने पांच जुलाई 2022 को स्टेशन के पुनर्विकास का टेंडर जारी किया था। टेंडर जारी होने के बाद कंपनी तय करने की गति काफी धीमी रही। इसे तय करने में तीन महीने लग गए। टेंडर प्रक्रिया में तीन कंपनियों ने भाग लिया था, जिनमें हैदराबाद की केपीसी प्राइवेट लिमिटेड को काम मिला है। 
एयरपोर्ट की तर्ज पुनर्विकास कार्य के तहत नए बिल्डिंग से लेकर यात्री सुविधाओं पर कुल 462.79 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कानूनी प्रक्रिया जारी होने के बाद इस कंपनी को 16 दिसंबर 2022 से काम शुरू करना था। अभी कंपनी का आफिस बन गया है और कर्मचारी आ गए हैं। रेलवे ने छह जनवरी तक भूमिपूजन की तैयारी की थी, लेकिन अतिथि व तारीख निर्धारित नहीं हो सकी।
निर्माण को गति देने इन बाधाओं को करना होगा दूर
स्टेशन पुनर्विकास का मुख्य निर्माण कार्य सर्कुलेटिंग एरिया में है। रेलवे ने अपनी जमीन होटलों को लीज पर दिया है, जिन्हें अभी खाली नहीं कराया गया है। आरपीएफ थाना, रेलवे कोर्ट शिफ्ट होने हैं। इनकी भी शिफ्टिंग नहीं की जा सकी है। पुनर्विकास की जगह पर 213 पेड़ खड़े हुए हैं। पेड़ों की कटाई भी शुरू नहीं हो सकी है। स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में मप्र हाउसिंग बोर्ड की भी संपत्ति ली जानी है, इसमें भी कार्य नहीं दिख रहा है।