दोपहर में हुई हल्की बूंदाबांदी, बादलों ने रोकी शीतलहर

Jan 23 2023

ग्वालियर। ग्वालियर अंचल में आसमान में बादलों की जुगलबंदी ने मौसम को खुशनुमा कर दिया है। सोमवार को सुबह की शुरुआत कोहरा से हुई थी, लेकिन दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी हुई है। बादलों के कारण शीत लहर का असर दिखाई नहीं दे रहा है। लगातार दूसरा दिन है जब शहरवासियों को ठंड से राहत रही है।
ग्वालियर के कुछ इलाकों में बहुत हल्दी बूंदाबांदी हुई है। किसानों को अभी भी मावठ का इंतजार है। रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहने सें हाड़ कपा देने वाली ठंड से राहत रही है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अगले 48 घंटे में मावठ बरस सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के साथ अंचल में पूरी तरह से एक्टिव रहने से बादलों की आवाजाही शुरु हो चुकी है। सिस्टम के चलते ही बीते दो दिनों से सर्द हवा थमने के कारण लगातार रात व दिन का पारा बढ़ रहा है। सिस्टम के चलते आज व कल अंचल में बंूदाबांदी होने से एक बार फिर मौसम सर्द होगा। 
लेकिन दो दिन बाद 26 जनवरी को एक और सिस्टम अंचल को हिट करेगा, इस सिस्टम के असर के चलते एक बार फिर हवा का रुख बदलते ही ठंड परेशान करती दिखेगी। सोमवार को हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम बदल गया है। दिन में धूप नहीं निकली है।
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि अंचल में पहले से ही एक सिस्टम पूरी तरह से एक्टिव बना हुआ है, इसी के साथ ही एक और पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के पास निर्मित होने के बाद तेजी से पूर्वी पाकिस्तान के रास्ते देश में राजस्थान से गुजरते हुए अंचल को 26 जनवरी को हिट करेगा। जिसके चलते एक बार फिर मौसम में बदलाव आने से अंचल में अरब सागर से नमी का आना शुरु हो जाएगा, जिससे बादल छाएंगे। बादलों की वजह से तापमान बढ़ेगा और ठंड से राहत मिलेगी।