हिम्मत मत हारो, जीवन में कष्ट भी हमारे धैर्य की परीक्षा लेने आते हैं-गणिनी आर्यिकाश्री

Jan 22 2023

ग्वालियर। कुछ लोग हमेशा ही परेशानी का रोना रोते रहते हैं, जब भी बात करो बस यही जवाब मिलता है कि, बहुत परेशान हूं, असल में कुछ लोगों की आदत ही बन जाती है रोना रोने की। अरे यदि परेशानी भी आये तो उसे अपने धैर्य की परीक्षा मानकर स्वीकार करो। जब सुख हमेशा नहीं टिक पाता तो परेशानियां भी कुछ समय की ही हैं। बस उस समय तुम्हें धैर्य रखकर समझदारी से जीवन जीना होगा। जो लोग कष्टों में भी प्रसन्न रहते हैं, उनके कष्ट ज्यादा दिन के नहीं होते। अपनी परेशानियों का वर्णन हर किसी के सामने मत करो। क्योंकि हमेशा परेशान रहने वाले व्यक्ति से लोग दूरी बना लेते हैं। यह बात गणिनी आर्यिकाश्री आर्षमति माताजी ने रविवार को गोपाचल पर्वत के पर स्थित डॉ विनोद डॉ प्रतीक जैन के निवास पर  धर्मसभा के दौरान कही।
गणिनी आर्यिकाश्री ने  कहा कि लोग मंदिरों में भी या तो सेठजी बनकर जाते हैं, या फिर कुछ मांगने के लिए जाते हैं। अरे अहंकार की चादर मंदिर के बाहर ही उतार कर जाओ। सेठ नहीं सेवक बन कर जाओ। भिखारी नहीं भक्त बनकर जाओ। क्योकि वहां तीन लोक के नाथ के दर्शन करने के लिए गए हो। वहां तो पूर्ण श्रृद्धा के साथ भगवान की प्रतिमा के दर्शन करो और मन में सोचो कि नाथ इतनी कृपा कर दो कि कभी मैं भी तुम जैसा बन जाऊं। फिर तुम्हें भगवान से सांसारिक वस्तुओं को मांगने की आवश्यकता हीं नहीं पड़ेगी और तुम्हारा मंदिर जाना भी सार्थक होगा। 
जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि गणिनी आर्यिकाश्री आर्षमति माताजी ससंघ ने जैन तीर्थ गोपाचल पर्वत पर जैन समाज के लोगो ने भगवान जिनेंद्र का अभिषेक किया। गणिनी आर्यिकाश्री ने 42 फुट ऊंचे पद्मासन भगवान पार्श्वनाथ सहित अन्य प्रतिमाओं के दर्शन व वंदन की। वही गोपालचल पर्वत के मंत्री अजीत वरैया का सम्मान गणिनी आर्यिकाश्री की ओर राजेश जैन पदमचंद जैन ने किया।