रविवार को मेले के हर सेक्टर में भीड़ हुई

Jan 22 2023

ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला का औपचारिक शुभारंभ होने के बाद  तीसरे रविवार को मेला के हर सेक्टर में सैलानियों ने पहुंचकर दस्तक दी। रविवार की छुट्टी पर जहां शीतलहर से राहत रही वहीं सूर्यदेव लुका-छिपी करते दिखाई दिए, जिसके चलते दुकानदारों के चेहरों के रंग भी बदलते दिखाई दिए। सुबह धूप खिलने पर जो चमक दिखाई दे रही थी वो सूरज के बादलों में छिपते ही गायब हो गई , परंतु दोपहर होते-होते मेला में सैलानियों की भीड़ बढऩा शुरु हुई वैसेवैसे उनके चेहरे दमकने लगे। 
शीतलहर से राहत मिलने के कारण सैलानी मेला का गेट खुलते ही पहुंचना शुरु हो गये। खास बात ये रही कि रविवार को जिन सेक्टरों में अभी तक भीड़ नहीं पहुंच रही थी उनमें भी सैलानियों की भीड़ पहुंची। सैलानियों ने प्रदर्शनी सेक्टर पहुंचकर कृषि विभाग, बीएसएफ, जनसंपर्क, जीडीए, एमएसएमई, पुरात्तव विभाग, पशु पालन आदि, प्रदर्शनियों का अवलोकर कर जानकारी ली, वहीं इलेक्ट्रॅानिक सेक्टर में भी जमकर खरीदारी की। 
इसके अलावा परंपरागत रूप से सॉफ्टी, भुट्टा, आइसक्रीम के स्टॉलों के साथ झूला सेक्टर में सबसे ज्यादा भीड़ दिखाई दी। झूलों पर सैलानियों की कतारें लगी रहीं एवं अपने पसंद के झूलों को झूलने के लिए सैलानियों को भीड़ के कारण घंटो इंतजार करना पड़ा।
अनौपचारिक रूप से 25 दिसंबर से शुरु हुए मेले को आज करीब एक माह हो चुका है जिस कारण से जो लोग अभी तक दुकानों पर भाव - ताव कर रहे थे वो अब खरीदारी के मूड में दिखाई दिए, जिस कारण रविवार कारोबारियों की दृष्टि से भी काफी बेहतर रहा। ऑटो मोबाइल सेक्टर में वाहन शोरूमों पर जमकर खरीदारी हुई। कई लोगों ने आगामी बसंत पंचमी को शुभ मुहुर्त के लिए वाहनों की बुकिंग कराई। रविवार को मेले में भीड़ के चलते जहां मेला की सभी पार्किंग फुल नजर आईं एवं अपने वाहन पार्क करने सैलानियों को अच्छा खासा इंतजार करना पड़ा, वहीं पुलिस भी अलर्ट मोड पर नजर आई एवं वाहनों को किसी भी स्थिति में अंदर नहीं जाने दिया, न ही यहां-वहां पार्क वाहनों को तुरंत क्रेन से उठवा दिया गया। 
मेला सचिव निरंजनलाल श्रीवास्तव का कहना है कि उन्होंने आज भीड़ की संभावना के चलते भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सेक्टर में बैरिकेडिंग कर हाथ ठेलों को प्रतिबंधित किया है।