क्या ऐसे ही बनेगा स्वच्छ ग्वालियर, महापौर ने अधिकारियों को लगाई फटकार

Jan 20 2023

ग्वालियर। काल्पी ब्रिज कॉलोनी और ब्रिगेडियर कोठी के पीछे कॉलोनी में औचक निरीक्षण के लिए पहुंची महापौर डॉ.शोभा सतीश सिकरवार ने अधिकारियों पर जमकर फटकार लगाई। नालों कीगंदगी को देखकर अफसरों से कहा कि क्या हम इसी तरह ग्वालियर को स्व‘छ बनाएंगे। यहां महीनों से नालियां और नालों की सफाई नहीं होने से ये कचरे से भरी हुई हैं। गत दिवस ही निगमायुक्त ने गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना करने के अधिकार दिए हैं।
शुक्रवार को महापौर डॉ.शोभा सतीश सिकरवार एवं एमआईसी सदस्य अवधेश कौरव सुबह 10 बजे काल्पी ब्रिज कॉलोनी और ब्रिगेडियर कोठी के पीछे कॉलोनियों में पहुंचे तो यहां सफाई व्यवस्था के हालात बहुत ही खराब थे। स्थानीय निवासियों ने उन्हें बताया कि नालों की सफाई नहीं होने से यहां हो रही गंदगी के कारण सभी परेशान हैं। वार्ड क्रमांक 22 में कुछ गलियों में सीवर लाइनें जाम होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां की सीवर लाइन को बदलने के लिए इसे अमृत योजना में शामिल करने के निर्देश दिए। महापौर को यहां कई स्थानों पर गंदगी भी दिखाई दी। इस पर उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्या यहां नियमित सफाई नहीं हो रही है। उन्होंने नियमित सफाई व्यवस्था के निर्देश भी दिए। 
पानी की समस्या के लिए होगी बोरिंग
महापौर को स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पानी की समस्या आ रही है। इस पर उन्होंने पानी की व्यवस्था की जानकारी अधिकारियों से लेने के बाद निर्देश दिए कि यहां एक बोरिंग कराई जाए। जिससे कि लोगों को पानी उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद के अलावा निगम अधिकारी केशव चौहान और वैभव श्रीवास्तव भी उपस्थित थे।