गर्म कपड़े बेअसर, नहीं रूक रही कंपकंपी

Jan 19 2023

ग्वालियर। सर्दी की मार से अब गर्म कपड़ों में भी राहत नहीं मिल रही है। आलम यह है कि सुबह और शाम गर्म कपड़ों में भी लोग कंपकंपा रहे हैं और सर्दी से बचने के इंतजाम कर रहे हंै। पिछले पांच दिनों से पड़ रही सर्दी ने लोगों को हिलाकर रख दिया है। गर्म कपड़ों को पहनने के बाद भी लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते हुए नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग की माने तो फिलहाल सर्दी से राहत के आसार नहीं हंै और अभी शहरवासियों को सर्दी की और मार झेलनी पड़ेगी, क्योंकि उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के चलते बर्फीली हवाओं से सर्दी बनी हुई है। गुरूवार को न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री था, इससे पहले 2.3 दर्ज हुआ था। तापमान में करीब एक डिग्री की बढ़त के बावजूद शहरवासियों को सर्दी से राहत नहीं है।
शाम होने के साथ ही बढ़ती सर्दी के चलते शाम के बाद ग्राहक कम होते जाते हैं और जो मार्केट दस से ग्यारह बजे तक खुली रहती थी वह आठ बजे ही खाली होने के कारण व्यवसायी भी अपने प्रतिष्ठान बंद कर घर जल्दी चले जाते हंै। जिससे सभी मार्केट फिलहाल अपने तय समय से पहले ही बंद हो रही है। 
पिछले तीन दिनों से कोहरा नहीं होने पर सूर्यदेव अपने समय पर आते हैं और उनके आते ही घरों में छिपे लोग सर्दी से बचने के लिए अपने घरों के बाहर और छतों पर डेरा जमा लेते हैं। हालांकि सर्दी के कारण धूप भी उतना असर नहीं दिखा पा रही है, लेकिन फिर भी लोग गर्माहट की उम्मीद के चलते सूर्यदेव के सामने डटे रहते है। 
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों तक बर्फीली शीतलहर से अंचलवासियों को कोई राहत नहीं मिलेगी। हालांकि 21 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के साथ ही ईरान से लेकर पूर्वी पाकिस्तान में भी एक नया सिस्टम एक्टिव हो चुका है, इन दोनों सिस्टम का असर अंचल के मौसम में 21 जनवरी की शाम से दिखने लगेगा। सिस्टम के एक्टिव होते ही उत्तर भारत से शीतलहर का आना थम जाएगा, जिससे कोहरा छटते ही दिन व रात के पारे में बढ़ोतरी होने से अंचलवासियों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है। 
जनवरी का आधे से अधिक महीना गुजर चुका है, लेकिन इस साल जनवरी में ठंड के तेवर कडक़ बने हुए हैं ऐसे में सर्दी अपने कदम वापस नहीं खींच रही है। गलन और कंपकंपी वाली ठंड से बचाव करने के लिए  चौबीस घंटे गर्म कपड़ों का लबादा पहनने को अंचलवासी मजबूर हैं। ठंड का आलम यह है कि दिन में पारा चढऩे व तेज धूप में भी ठंड से शरीर कांप रहा है। मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि दो दिन बाद एक्टिव होने वाला पश्चिमी विक्षोभ अंचल को हिट करेगा। सिस्टम के असर के चलते सर्द हवा का रुख बदलने से ठंड से राहत मिलना शुरु हो जाएगी।