चेंबर चुनाव : परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सिर्फ मतदाताओं को ही मिला प्रवेश

Jan 18 2023

ग्वालियर। मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव के लिए बुधवार की सुबह कड़ाके की ठंड के बीच 8 बजे से मतदान शुरु हो गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चेंबर परिसर में सिर्फ मतदाताओं को ही प्रवेश दिया गया। 
दोनों ही हाउस के प्रत्याशी और उनके समर्थक सुबह साढ़े सात बजे तक पहुंच चुके थे। चुनाव के कारण टेलीफोन एक्सचेंज से सनातन धर्म मंदिर तक का रास्ता बंद कर दिया गया था। निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय ने बताया कि सुबह 7.30 बजे मतपेटियों को प्रत्याशियों के सामने सील किया गया। इसके बाद आठ बजे से मतदान शुरु हो गया। मेन गेट से अंदर की ओर दोनों ओर मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक दस समूह के लिए एक टेबल लगाई गई थी जहां पर मतदाताओं के क्रमांक और फोटो का मिलान करने के बाद उन्हें मतदान के लिए भेजा जा रहा था। मतदान स्थल पर जिन सदस्यों के पास निर्धारित चार आईडी में से किसी एक आईडी के होने पर ही उन्हें अंदर जाने दिया जा रहा था। 
सनातन धर्म मंदिर से लेकर चेंबर के मुख्य द्वार तक प्रत्याशी एवं उनके समर्थक जो भी मतदाता मतदान के लिए आ रहा था उसे अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे थे। 
क्रिएटिव हाउस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विजय गोयल, संयुक्त अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हेमंत कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष के पद के प्रत्याशी राकेश अग्रवाल, मानसेवी सचिव पद के प्रत्याशी जगदीश मित्तल, संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी सुनील गर्ग, कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी संदीप नारायण अग्रवाल एवं व्हाइट हाउस के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉ.प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष पद के प्रत्याशी डॉ.प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय कुमार अग्रवाल, मानसेवी सचिव पद के प्रत्याशी दीपक अग्रवाल, संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी पवन कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल तथा कार्यकारिणी सदस्यों ने पहले अपना मतदान किया। फिर सभी प्रत्याशी गेट के बाहर आ गए और मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे थे। 
मोबाइल नहीं ले जा पाए अंदर
मतदान के दौरान मोबाइल पर प्रतिबंध होने से किसी भी सदस्य को मोबाइल अंदर नहीं ले जाने दिया गया। बाहर ही मतदाताओं की तलाशी ली जा रही थी। जिनके पास मोबाइल थे वे अन्य सदस्यों को मोबाइल देकर ही मतदान करने पहुंचे।
देर रात तक आएंगे परिणाम
सुबह 8 बजे प्रारंभ हुआ मतदान शाम को 5 बजे चला। इसके बाद शाम 7 बजे से मतगणना प्रारंभ की गई। देर रात 12 बजे तक सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी समृूहों के चुनाव परिणाम घोषित हो जाएंगे। मतदान एवं मतगणना के लिए 65 लोगों की टीम लगाई गई है।
चेंबर चुनाव की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। 15 कैमरों से यहां की हरेक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। बाहर एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई है। यहां से सूचनाएं प्रेषित की जाएंगी।
मतदान जब प्रारंभ हुआ तब सभी प्रत्याशी मेन गेट के बाहर खड़े थे, लेकिन दो घंटे बाद ही इन सभी प्रत्याशियों को यहां से हटाकर सनातन धर्म मंडल के पास कर दिया गया। यहां से सिर्फ मतदाताओं को ही आने की अनुमति थी। 
150 जवान तैनात रहे
चेंबर चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए एएसपी मोती-उर-रहमान के निर्देशन में 150 पुलिस अधिकारी एवं जवान तैनात थे। यातायात व्यवस्था के प्रभारी अधिकारी नरेश अन्नोटिया की अगुवाई में 20 जवान लगाए गए थे। सनातन धर्म मंदिर एवं कोटेश्वर मंदिर के अलावा इस मार्ग की गलियों को भी बैरीकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया था।