चेंबर के पदाधिकारी एवं समूह के लिए मतदान कल- निर्वाचन अधिकारी अशोक विजयवर्गीय

Jan 16 2023

ग्वालियर। मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री ग्वालियर के पदाधिकारी एवं समूहों के लिए मतदान बुधवार18 जनवरी को चेंबर भवन में होगा। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होकर पांच बजे तक चलेगा। और उसके बाद मतगणना होगी जो संभवत: रात्रि तक पूरी कर ली जाएगी। इसके लिए प्रशासन तथा पुलिस की अधिकारियों की टीम भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौजूद रहेगी।
उक्त जानकारी सोमवार को चेंबर के लिए नियुक्त निर्वाचन अधिकारी सीए अशोक विजयवर्गीय ने पत्रकारों को देते हुये बताया कि चेंबर भवन में छह पदाधिकारियों सहित 21 समूहों के लिए निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए जहां सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि छह पदाधिकारी पदों सहित कार्यकारिणी के 21 समूहों के 67 प्रतिनिधि का चुनाव होगा। इसके लिए 104 प्रत्याशी मैदान में हैं।
 वहीं दो समूह में किसी ने भी पर्चा नहीं भरा तो उसके लिए कोई मतदान नहीं कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाताओं को चार पहचान पत्रों में से किसी एक आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्रायविंग लायसेंस, एवं पेनकार्ड की मूल प्रति लाना होगी। उन्होंने बताया कि मतदान केन्द्र के पास मीडिया कर्मियों का भी प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि पूरे परिसर में 18 जनवरी को लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएगे। वहीं चेंबर के वर्तमान में लगे कैमरों को ढक दिया जाएगा। वैसे अभी यह कैमरे लगभग बंद हैं।
सीए अशोक विजयवर्गीय ने बताया कि इसके लिए 14 टेबल तथा मतदान के लिए पदाधिकारियों के साथ ही समूहों के लिए बीस बूथ बनाए गए हैं। विजयवर्गीय ने बताया कि मतदान केन्द्र पर मोबाइल लाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। सदस्यता सूची में सदस्य का नाम एक से अधिक फर्म में होने की स्थिति में सदस्य केवल एक फर्म में ही वोटिंग कर सकेगा। सीए विजयवर्गीय ने बताया कि मत देने के लिए सदस्य गेट क्रमांक एक से प्रवेश करेगा और गेट क्रमांक छह से बाहर निकलेगा। गेट छह से कोई भी अंदर प्रवेश नहीं पा सकेगा। उन्होंने बताया कि इस मतदान निर्वाचन में एक एसडीएम, दो तहसीलदार, नायब तहसीलदार आदि व्यवस्था संम्हालेंगे।
पत्रकार वार्ता में सह निर्वाचन अधिकारी राजीव अग्रवाल, पीताम्बर लोकवानी तथा संयुक्त निर्वाचन अधिकारी अरविंद गौड भी मौजूद थे।