सर्दी से राहत नहीं, सुबह कांपते हुए स्कूल पहुंचे बच्चे

Jan 12 2023

ग्वालियर। अंचल में पड़ रही कड़ाके की सर्दी से कुछ दिन से मिल रही राहत के बाद गुरुवार से मौसम ने फिर पलटा खाया जिसके चलते स्कूली बच्चों को सर्दी के सितम से दो-चार होना पड़ा। चूंकि ग्वालियर में पड़ रही ठंड़ एवं शीतलहर से स्कूल के छोटे बच्चों को राहत देने के लिए जिला कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम ंिसह द्वारा जारी आदेश की अवधि गत रोज को समाप्त हो गई थी। पिछले कुछ दिनों से धूप खिलने से इस आदेश को आगे नहीं बढ़ाया गया था परंतु गुरुवार को मौसम के पलटा मारने के बाद जहाँ बच्चों को ठंड में सुबह रजाई से बाहर निकलकर सिकुड़ते हुए स्कूल जाना पड़ा, वहीं दूसरी ओर इन बच्चों के अभिभावक भी फिक्रमंद थे कि जिस सितमगर सर्दी से घर में राहत नहीं मिल रही है,ऐसे हालात में उन्हें अपने नौैनिहालों को हाड़ कंपा देने वाली ठंड में स्कूल भेजना पड़ा। 
ज्यादातर अभिभावक सुबह से ही अपने बच्चों के स्कूल में फोन कर आगे के शीतकालीन अवकाश के बारे में जानकारी मांगते दिखे, जहां से उन्हें कोई जानकारी न होने की बात कही जा रही है। जो बच्चे अपने अभिभावकों के साथ टू व्हीलर से आते थे उन्हें सर्द हवा एवं कोहरे से दो-चार होना पड़ा। यही नहीं ज्यादातर प्राइवेट स्कूल तो शहर के बाहर शिवपुरी लिंक रोड पर स्थित हैं, उनके बच्चों को तो और भी पहले जागकर बस स्टॉप पर पहुंचना पड़ा।
इस बारे में संयुक्त संचालक शिक्षा दीपक पांडेय का कहना था कि वो जिला शिक्षाधिकारी अजय कटियार को इस बारे में कहेंगे कि वो कलेक्टर से इस बारे में मार्गदर्शन लें।