सीएम राइज स्कूल में हुआ सामूहिक सूर्य नमस्कार का मुख्य आयोजन

Jan 12 2023

ग्वालियर। जीवन में आगे बढऩा है तो छात्र स्वामी विवेकानंद के साहित्य को अवश्य पढ़ें, ये हमें जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा देता है, ये बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में ग्वालियर के डीडी नगर स्थित सीएम राइज स्कूल में आयोजित जिला कार्यक्रम में शामिल छात्र - छात्राओं को लाइव संबोधित करते हुए कही। 
डीडी नगर स्थित सीएम राइज स्कूल में शामिल छात्र - छात्राओं को सूर्य नमस्कार से पहले मुख्यमंत्री का संबोधन इंदौर से रेडियो पर आकाशवाणी से प्रसारण कर सुनवाया गया। उन्होंने कहा कि स्वामीजी ने कहा था कि, तुम हाड़ मांस के पुतले नहीं हो बल्कि अनंत ऊर्जा के भंडार हो। जीवन में ऐसा कोई काम नहीं है जो तुम नहीं कर सकते हो, इसलिए जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित करो जैसे उनका लक्ष्य है कि दुनिया में मध्यप्रदेश को नंबर एक राज्य बनाना। इसलिए आप भी नहीं रुको और वो भी नहीं रुकेंगे।
मुख्यमंत्री ने छात्रों से कहा कि पहला सुख निरोगी काया इसलिए स्वस्थ रहने का प्रमुख मंत्र है कि आप रोज सूर्य नमस्कार करें। स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस 12 जनवरी को गुरूवार को युवा दिवस के रूप में प्रदेश भर में मनाया गया।
इस अवसर पर प्रदेश शासन का प्रमुख आयोजन सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन सभी शिक्षण संस्थाओं में सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक किया गया। जिला योग प्रभारी दिनेश चाकणकर के मुताबिक सभी संस्थाओं में अलग- अलग मिलाकर करीब 1 लाख से अधिक स्कूली बच्चों ने सूर्य नमस्कार किया।
ग्वालियर में जिला स्तरीय मुख्य आयोजन डीडी नगर स्थित सी एम राइज स्कूल में आयोजित किया गया। जहाँ मुख्यमंत्री के लाइन संबोधन के बाद छात्र - छात्राओं को योग प्रशिक्षक चाकणकर ने सूर्य नमस्कार कराया। चूंकि सूर्यदेव कोहरे के कारण देरी से प्रकट हुए सो कोहरे के बीच छात्र- छात्राओं ने सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया। छात्रों ने सूर्य नमस्कार के तीन चक्र और अनुलोम विलोम, भस्त्रिका, व भ्रामरी प्राणायाम किए।
 जिला शिक्षा अधिकारी कटियार ने बताया कि इस कार्यक्रम में किसी संस्था या छात्र-छात्रा का भाग लेना स्वैच्छिक था। जिले की विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य संस्थाओं में हुआ आयोजन। जनकगंज स्कूल, उत्कृष्ट विधालय मुरार, पद्मा विद्यालय, कन्या उमावि शिंदे की छावनी सहित कई स्कूलों में भी आयोजन हुए। 
इसमें अतिथि के रूप में संभागायुक्त दीपक सिंह, जेडी दीपक पांडेय, एसडीएम अशोक चौहान, डिप्टी कलेक्टर जेपी गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, तहसीलदार कुलदीप दुबे व डीपीसी रविन्द्र तोमर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।