मेवाती गैंग द्वारा 3 एटीएम काटकर 39 लाख रु. की चोरी

Jan 11 2023

ग्वालियर। चंबल में एटीएम काटकर 39 लाख रुपए से ज्यादा का कैश चुरा लिया गया। गैंग ने सिर्फ 75 मिनट में ग्वालियर शहर के दो स्पॉट पर एसबीआई के एटीएम काट दिए। पहली वारदात रात 2.15 बजे मुरार एमएस चौराहा पर हुई है, तो दूसरी वारदात 3.30 बजे बहोड़ापुर के शब्दप्रताप आश्रम पर हुई है। मुरैना जिले के जीवाजीगंज स्थित एसबीआई के एटीएम को भी बदमाशों ने निशाना बनाया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ग्वालियर के दोनों एटीएम से 25 लाख से अधिक और मुरैना के एटीएम से 14 लाख रुपए की चोरी हुई है। तीनों ही वारदातों में बदमाशों ने एसबीआई के बिना सिक्योरिटी गार्ड वाले एटीएमों को टारगेट किया है। 
ग्वालियर में दोनों ही एटीएमों को एक दिन पहले ही भरा गया था। वारदात का तरीका हरियाणा के मेवात गैंग की तरह है। सीसीटीवी कैमरों पर ब्लैक स्प्रे कर अंदर पहुंचे। इसके बाद एटीएम काटकर रुपए निकाले गए। कुछ जगह क्रेटा कार में संदिग्धों के फुटेज मिले हैं। मुरैना के टोल से दिल्ली की तरफ जाते हुए यह क्रेटा कार ट्रैक हुई है।
ग्वालियर शहर में पहली वारदात मुरार के एमएच चौराहा पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर हुई। यहां रात 2.15 बजे बदमाशों ने गैस कटर से एटीएम मशीन को काटकर चेस्ट निकाल लिया। इसके बाद चेस्ट में रखा कैश निकालकर फरार हो गए। सबसे पहले बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरों के पास पहुंचकर ब्लैक कलर स्प्रे किया। इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। यहां बदमाश 15 मिनट के लगभग ठहरे। एटीएम के पास एक अन्य जगह लगे सीसीटीवी कैमरे में एक क्रेटा कार में सवार संदिग्ध दिखे हैं। यहां एक दिन पहले ही एटीएम को बैंक ने फिल किया था। अंदाज लगाया जा रहा है कि 15 से 17 लाख रुपए एटीएम में होना चाहिए।
ग्वालियर में दूसरी वारदात रात 3.30 बजे के लगभग बहोड़ापुर शब्द प्रताप आश्रम के पास हुई है। यहां भी एटीएम तोडऩे वाली गैंग ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को टारगेट कर गैस कटर से काटा और चेस्ट निकाल कर उसमें से लाखों रुपए निकालकर ले गए। दोनों जगह तरीका एक जैसा रहा है। यहां भी कैमरों पर ब्लैक कलर का स्प्रे कर वारदात को अंजाम दिया गया। दोनों जगह एक ही कार दिखाई दे रही है। इससे साफ है कि एक ही गैंग ने वारदात को अंजाम दिया था। दोनों एटीएमों पर गार्ड नहीं रहते हैं। इसलिए आसानी से बदमाशों ने टारगेट किया है।
दिल्ली की तरफ भागे, मुरैना में भी वारदात
ग्वालियर में एटीएम काटकर लाखों रुपए कैश उड़ाने वाले बदमाश दिल्ली-हरियाणा की तरफ के हैं। जो कार ग्वालियर में वारदात के समय एटीएम के आसपास दिखी है, वही सुबह 4 बजे मुरैना टोल पर दिखी। इसके बाद मुरैना के जीवाजीगंज स्थित एसबीआई के एटीएम को निशाना बनाया। इस एटीएम में 14 लाख रुपए थे। गार्ड ड्यूटी पर नहीं आया था। जिस मकान में एटीएम लगा है, उसके मालिक ने बुधवार सुबह 9 बजे देखा तो पुलिस को सूचना दी। कोतवाली थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह जादौन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देख रहे हैं। एएसपी क्राइम राजेश दंडौतिया का कहना है कि महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनकी तस्दीक कराई जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
तरीका हरियाणा की मेवात गैंग जैसा
एटीएम काटकर कैश निकालने वाली वारदात में वही पुराना तरीका आजमाया गया है, जो अभी तक हरियाणा की मेवात की गैंग आजमाती है। बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम में घुसने से पहले सीसीटीवी कैमरों पर ब्लैक कलर का स्प्रे किया, जिससे उनकी पहचान का कोई सबूत पुलिस को न मिल सके। इसके बाद बदमाशों ने सबसे पहले गैस कटर से मशीन को काटा और इसके बाद चेस्ट निकाल कर ले गए, जिसमें पूरा पैसा रखा होता है।