पिता ने डांटा तो कट्टे से खुद को मारी गोली, मौत

Jan 08 2023

ग्वालियर। पिता की डांट से नाराज बेटे ने खुद को कट्टे से गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिवार उसके कमरे में पहुंचा। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। बेटे के सुसाइड का दोषी पिता खुद को मान रहे हैं। पिता यही सोच रहे हैं कि डांटते नहीं तो बेटा आज उनके साथ होता।
मुरार आर्य नगर गली नंबर-3 में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर का पुश्तैनी घर है। यहां रहने वाले मुकेश गुर्जर किसी शासकीय विभाग में बोलेरो चलाते हैं। मुकेश का 20 साल का बेटा आशु उर्फ अजय गुर्जर पिता को बिना बताए गत रात में बोलेरो ले गया। उसने सडक़ पर खड़ी कार को टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी गैराज में लाकर रख दी। रविवार सुबह जब पिता को ये बात पता चली तो उन्होंने आशु को डांटा। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। इसके थोड़ी देर बाद ही गोली चलने की आवाज आई। परिवार के लोग तुरंत आशु के कमरे में पहुंचे। कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था। आशु को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आशु के परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि संभवत: पिता की डांट से नाराज होकर ही आशु ने आत्मघाती कदम उठाया है। वहीं पुलिस को पता चला है कि आशु पर मुरार थाने में दो मामले भी दर्ज थे।
आशु के सुसाइड के बाद से गली में मातम पसरा हुआ है। उसके पिता खुद को उसके सुसाइड का जिम्मेदार मान रहे हैं। उनका कहना है कि बेटे को नहीं डांटते तो आज वो जिंदा होता। आसपास रहने वालों से पता लगा है कि आशु गुस्से का काफी तेज था। पिता की डांट के बाद गुस्से में आकर ही उसने सुसाइड किया होगा।
एएसपी क्राइम राजेश दंडौतिया का कहना है कि एक युवक ने खुद को गोली मार कर जान दे दी है। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि मृतक ने पिता की गाड़ी का एक्सीडेंट किया था, इसी के चलते पिता ने उसे डांटा था। आशंका है कि इसी के चलते उसने खुद को गोली मार कर जान दी है। मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।