उद्घाटन के बाद पहला संडे,झूला झूलने मचले बच्चे

Jan 08 2023

ग्वालियर। पिछले कुछ दिनों से शीतलहर एवं हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सितम झेल रहे शहरवासियों को रविवार को उस समय राहत मिली जब सूर्यदेव सुबह से ही अपनी पूरी चमक-दमक के साथ प्रकट हुए। रविवार के दिन जहां ऑफिस जाने वाले लोग एवं स्कूल-कॅालेज जाने वाले बच्चे व युवा, जो देर सुबह तक रजाई में घुसे रहते थे, वह भी रजाई फेंककर बाहर निकलकर छत एवं पार्कों में जाकर काफी दिनों से गायब धूप का स्वागत किया। 
सर्दी से राहत का असर शहर के साथ ग्वालियर व्यापार मेला में भी दिखाई दिया, जहां अभी तक कोहरे एवं शीतलहर से बचाव के लिए जिला प्रशासन से स्कूलों की छुट्टी की मांग कर रहे अभिभावक एवं बच्चे बड़ी संख्या में अपने परिवार सहित मेला घूमने पहुंचे। बच्चों ने सुबह से ही मेला घूमने जाने की जिद मम्मी- पापा से करना शुरु कर दी जिसे वो सर्दी का बहाना बनाकर टाल भी नहीं सके और अपने बच्चों को मेला घुमाने पहुंचे। सैलानियों की बंपर आमद देखकर दुकानदारों के चेहरे जो अभी तक पड़ रही ठंड के कारण फीके पड़े हुए थे, वो दमकते हुए दिखाई दिए।
ग्वालियर व्यापार मेला का औपचारिक शुभारंभ होने के बाद पहले रविवार को सुबह से ही धूप खिलने से मिली सर्दी से राहत एवं रविवार की छुट्टी का लाभ लेने के लिए शहरवासियों ने मेला पहुंचकर झूलों का जमकर आनंद लिया, वहीं खानपान सेक्टर में गाजर का गर्मागरम हलवा एव पापड़ का लुत्फ उठाया।
छोटे - छोटे बच्चे अपने मनपसंद झूले झूलने के लिए मातापिता से जिद कर मचल रहे थे वहीं अपने बच्चों का हाथ पकड़े परिजन इस फिक्र में थे कि वो कहीं भीड़ में गुम न हो जाएं। रविवार को मेले में भीड़ के चलते जहां मेला की सभी पार्किंग फुल नजर आईं एवं अपने वाहन पार्क करने सैलानियों को अच्छा खासा इंतजार करना पड़ा, वहीं पुलिस भी अलर्ट मोड पर नजर आई।