अभय परमार के हत्यारे के घर पर बुलडोजर चलाकर किया जमींदोज

Jan 05 2023

ग्वालियर। युवक की गोली मारकर हत्या कर उसका शव जलाने के मामले में गुरुवार को हत्या में शामिल तीसरे आरोपी के घर को पुलिस और प्रशासन की टीम ने बुलडोजर चला कर जमींदोज कर दिया। जबकि इस मामले में दो अन्य आरोपियों के मकान पहले ही जमींदोज किए जा चुके हैं।
ज्ञात हो कि सत्यम रेजीडेंसी सिटी सेंटर निवासी प्रखर उर्फ अभय शासकीय शिक्षक प्रशांत परमार का इकलौता बेटा है। कुछ माह पूर्व प्रखर ने कॉलेज बनाने के लिए बहोड़ापुर इलाके में भवन निर्माण के लिए एप्लाई किया था, लेकिन मंजूरी नहीं मिल पा रही थी। तभी उनसे निगम का संविदा कर्मी करण वर्मा मिला और मंजूरी का भरौसा देकर 6 लाख 80 हजार रुपए लिए और उसके बाद जरुरत बताकर डेढ़ लाख रुपए उधार लिए थे। इसके बाद वह वह टहलाता रहा और जब अभय ने दबाव बनाया तो करण ने अपने साथी भानू और हर्ष उर्फ गौरव सक्सैना के साथ मिलकर हत्या की और उसका शव झांसी ले जाकर जला दिया।
इस मामलें का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा और करण व भानू का मकान जमीदोज करने के बाद गुरुवार को तहसीलदार सुभद्रा त्रिपाठी, निगम की टीम और जनकगंज थाना प्रभारी आलोक परिहार के साथ नवगृह कॉलोनी स्थित घर पर पहुंची और उसका मकान जमीदोज कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने वारदात में सहयोगी सोनू परिहार को गिरफ्तार किया है। सोनू परिहार ने आरोपियों को कट्टा उपलब्ध कराया था और उनके खून से सने कपड़े साफ किए थे।