मानवता का संदेश देकर करें बेटियों की सुरक्षा व सम्मान- पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता

Jan 04 2023

ग्वालियर। महिला सशक्तिकरण एवं नारी सम्मान को लेकर पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता द्वारा विगत 10 वर्षों से 30 दिसम्बर के दिन आयोजित किये जा रहे बेटी संरक्षण दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को केआरजी कॉलेज में बेटी संरक्षण दिवस के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में  प्रतिभाशाली 65 बेटियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर एकल युवा ग्वालियर द्वारा ओपन माइक के माध्यम से बेटियों को अभिव्यक्ति का मंच उपलब्ध कराया गया तथा बेटियों को बोलने का अवसर प्रदान किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती मीना सचान, कॉलेज के प्राचार्य डॉ एमआर कौशल सहित अन्य शिक्षक व शिक्षकाएं एवं कॉलेज की छात्राएं उपस्थित रहीं।
शासकीय कमलाराजा स्नातकोत्तर स्वशासी कन्या महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत कॉलेज की शिक्षकाओं द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने बेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि कन्याओ। की हत्या मानवता का प्रतीक नहीं हैं हमें मानवता का सन्देश देकर बालिकाओ की सुरक्षा करनी होगी तथा बालिकाओ के खिलाफ अपराध करने वालो को दण्डित करना होगा। उन्हानें कहा कि बालिकाएं हमारे लिए बोझ नहीं सम्पति है। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा बेटियों के संरक्षण और शिक्षा के लिए बेटी बचाओ बेटी पढाओ जैसे अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। हमें इन अभियानों में सहयोग कर बालिकाओं को इन योजनाओं के प्रति जागरूक करना होगा।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कारों में बेटियों को देवी रूप का दर्जा प्राप्त है। देवियों की पूजा के अवसर पर महिलाओ की पूजा विशेष रूप से देखने को मिलती है। आज हम सभी भारतीय कन्या पूजन के लिए अनेक त्यौहार मनाते है। यानि महिलाओ को प्राचीन समय से महत्व दिया जा रहा है। लेकिन आज का पुरुषप्रधान समाज बालिकाओ और महिलाओं को स्वीकार ही नहीं करता है। जो हमारे लिए चिंता का विषय है। लोग नवीनतम तकनीको के माध्यम से बालिकाओ को समाप्त करने में लगे हुए है। हम सभी को मिलकर बेटियों के सम्मान व उनकी सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए। 
इस अवसर पर बृजेंद्र सिंह जादौन,हरीश अग्रवाल, अभिषेक रघुवंशी, स्मिता सहस्त्रबुद्धे, ज्योति दिनकर, एकल युवा अध्यक्ष कु. संचिता गुप्ता, शांभवी जैन, मृदुला वैश्य, दिव्या लावण्या, दिव्यांशु दोहरे, निकिता शर्मा, समीक्षा गुप्ता फैंस क्लब से रजनी भदोरिया, मुकेश आर्य, प्रहलाद श्रीवास्तव, कुलदीप राठौर, विशाल रजक, अरविंद शर्मा सहित सम्मानित वरिष्ठ सदस्य गण भारी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही। 
एकल युवा ग्वालियर द्वारा ओपन माइक प्रतियोगिता का आयोजन
विगत 10 वर्ष से पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता द्वारा आयोजित किये जा रहे बेटी संरक्षण दिवस पर निरंतर सरकारी गर्ल्स स्कूल और कॉलेजस में बेटियों को सम्मानित किया जाकर उनमें सुरक्षा का भाव उत्पन्न किया जाता है। इसी के तहत इस साल भी आज बुधवार को केआरजी कॉलेज में किया बेटियों का सम्मान व जागरुकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एकल युवा ग्वालियर की अध्यक्ष सुश्री सुचिता गुप्ता द्वारा समीक्षा गुप्ता फैन्स क्लब के साथ एकल युवा ग्वालियर द्वारा बेटी संरक्षण दिवस ओपन माइक टॉक शो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें बेटियों द्वारा स्टेडिंग कॉमेडी सहित अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लिया गया।
रैली निकालकर दिया बेटी संरक्षण का संदेश
बेटी संरक्षण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के उपरांत बेटियों के साथ जागरुकता रैली का आयोजिन किया गया। रैली में बेटियों द्वारा तख्तियां लेकर बेटी संरक्षण का संदेश दिया गया। रैली नेहरू पार्क से प्रारंभ होकर पार्क के चारों ओर तथा महाविद्यालय परिसर में घूमकर समापन किया गया। इस रैली का उद्देश्य समाज को यह संदेश देना कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ व बेटी है तो कल है।