मेले का शुभारंभ पांच जनवरी को, मेला में करीब 20 फीसद पक्की दुकानें खाली

Jan 04 2023

ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला का शुभारंभ गुरूवार पांच जनवरी को शाम छह बजकर 30 मिनट पर कला रंगमंच पर होगा। शुभारंभ में समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर वर्चुअली शामिल होंगे। मेला परिसर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद विवेक शेजवलकर, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सूक्ष््म लघु एवं उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, महापौर शोभा सिकरवार आदि मौजूद रहेंगे। मेला शुभारंभ का कार्यक्रम भोपाल से जारी हो चुका है। फिलहाल मेला की उद्घाटन की तैयारियों को लेकर प्राधिकरण काम कर रहा है। माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मेला उद्घाटन पर परिसर का भ्रमण भी करेंगे। इसलिए पांच जनवरी तक मेला पूरी तरह से तैयार हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। इधर पुलिस व प्रशासन ने भी मेला में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं।
मेला में दुकानों का आवंटन होने के बाद भी पक्की दुकानें अब भी खाली हैं। मेला में करीब 20 फीसद पक्की दुकानें खाली हैं। इसी तरह से आटोमोबाइल सेक्टर में भी शोरूम बनकर तैयार नहीं हो सके हैं। मीना मार्केट पूरी तरह से खाली पड़ा हुआ है। प्रदर्शनी सेक्टर का हिस्सा तैयारी नहीं है। इतना ही नहीं शिल्प बाजार की दुकानें भी खाली पड़ी हुई हैं। ऐसा माना जा रहा है कि मेला उद्घाटन के बाद ही परिसर पूरी तरह से तैयार हो पाएगा। हालांकि झूला सेक्टर में झूला ,मौत का कुआ और भूत गैलरी आदि तैयार हो जाने से मेले की चमक बढ़ गई हैं।
मेले में अस्थायी आरटीओ कार्यालय तैयार, आज से रजिस्ट्रेशन हो सकते हैं शुरू
क्षेत्रीय परिवहन विभाग का अस्थायी कार्यालय ग्वालियर व्यापार मेले में तैयार हो चुका है। पांच जनवरी से इस कार्यालय में वाहनों के सत्यापन, रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। रजिस्ट्रेशन शुरू होने पर मेले से वाहन खरीदने वालों को 50 प्रतिशत की रोड टैक्स में छूट मिल सकेगी। करीब 51 ओटोमोबाइल डीलरों को ट्रेड लाइसेंस जारी हो गए हैं। उन्होंने अपने शोरूम बनाने का काम शुरू कर दिया है। 
परिवहन विभाग ने 22 दिसंबर 2022 को रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट की अधिसूचना जारी कर दी थी, लेकिन मेले में डीलरों ने शोरूम तैयार नहीं किए थे। इस वजह से छूट नहीं मिल सकी। शोरूम तैयार होने पर परिवहन विभाग का अस्थायी कार्यालय बन गया। फर्नीचर सहित अन्य सभी जरूरी सामना कार्यालय में पहुंच गया है। आरटीओ एचके सिंह का कहना है कि मेले से बिकने वाले वाहनों के सत्यापन के लिए कार्यालय बनाया गया है।
इस बारे में मेला प्राधिकरण सचिव निरंजन श्रीवास्तव ने कहा मेला का उद्घाटन कला रंगमंच से होगा। उद्घाटन को लेकर तैयारियां की जा रही है। अगले दो दिन में मेला पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। यदि कोई दुकान खाली रहती है तो उसे दूसरे व्यापारी को आवंटित कर दी जाएगी। झूलों की जांच के लिए समिति का गठन हुआ है जो अपना काम करेगी।