स्टेशन के पुनर्विकास के लिए आवासों की तुड़ाई शुरू, कर्मचारियों के लिए 3 आवासीय टॉवर बनेंगे

Jan 04 2023

ग्वालियर। रेलवे स्टेशन को पुनर्विकसित करने से पहले पुराने आवासों की तुडाई शुरू हो चुकी है। प्लेटफार्म नंबर एक की तरफ बनने रेलवे आवास, आरपीएफ थाना, रेलवे मजिस्ट्रेट न्यायालय और तानसेन एरिया के आवासों को तोडकर रेलवे स्टेशन को पुनर्विकसित किया जाना है। रेल प्रशासन ने 98 संपत्तियों को चिन्हित किया है जिनकी तुडाई की जानी है। इसके साथ ही पेड काटने का काम भी शुरू हो चुका है।
स्टेशन के विकास में 213 पेड काटे जाएंगे। हालांकि रेलवे स्टेशन को पुनर्विकसित करने के काम का शिलान्यास रेल मंत्री के हाथों करवाने की तैयारी चल रही है। पहले 3 जनवरी फिर 6 जनवरी को कार्यक्रम कराने की योजना था। लेकिन 3 जनवरी निकल चुकी है।
अब 6 जनवरी को शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर असमंजस है। झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने कहा कि रेलवे स्टेशन के पुनर्विकसित करने के काम का शिलान्यास को लेकर अभी तारीख तय नहीं है। पुराने आवासों की तुडाई का काम शुरू कर दिया गया है।
रेलवे आवास तोडने के बाद 4 कार्यालय व 3 आवासीय टॉवर बनाए जाएंगे। आवासीय टॉवर में रेलवे के 101 परिवारों के रहने की व्यवस्था होगी। जबकि ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग रहेगी। कार्यालय दो मंजिला बनाए जाएंगे। जबकि कर्मचारियों के रहने के लिए जो टॉवर बनेगा वह 7 मंजिला होगा।
कार्यालय की बिल्डिंग में जीआरपी, आरपीएफ, रेलवे मजिस्ट्रेट कोर्ट, डिप्टी सीई ऑफिस, इलेक्ट्रिक विंग, एमएंडटी आदि शिफ्ट किए जाएंगे। रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने के लिए 462.79 करोड रुपए का टेंडर हैदराबाद की कंपनी केपीसी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को आवार्ड किया गया है।